कोलकाता के व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शुमार पार्क सर्कस स्टेशन पर शनिवार आधी रात ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके का माहौल बदल दिया। रात गहराते ही भारी पुलिस बल, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और बुलडोजर स्टेशन परिसर में पहुंच गए। कुछ ही घंटों में वर्षों से बनी दर्जनों अवैध दुकानों को जमींदोज कर दिया गया। रेलवे का दावा है कि यह कार्रवाई लंबे समय से जारी अतिक्रमण हटाने के अभियान का हिस्सा है, जबकि स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई को नई सरकार बनने के बाद तेज हुए प्रशासनिक अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है।
पार्क सर्कस रेलवे स्टेशन पर बुलडोजर कार्रवाई
नोटिस के बाद भी नहीं खाली हुई जमीन, फिर रेलवे ने की कार्रवाई
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, जून की शुरुआत में ही पार्क सर्कस स्टेशन परिसर में अवैध रूप से दुकानें चलाने वाले फेरीवालों और व्यापारियों को नोटिस जारी कर रेलवे की जमीन खाली करने का निर्देश दिया गया था। कार्रवाई से पहले मौके पर माइक के जरिए भी अतिक्रमणकारियों से स्वयं दुकानें हटाने की अपील की गई। हालांकि, जब किसी ने निर्देशों का पालन नहीं किया, तब रेलवे प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह पूर्व निर्धारित प्रक्रिया और कानूनी नोटिस के बाद की गई।
पूरी रात चला अभियान, सुरक्षा कर्मचारियों के निगरानी में
रेलवे प्रशासन ने ऑपरेशन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। शनिवार रात करीब 10:30 बजे से शुरू हुआ अभियान रविवार तड़के तक चलता रहा। स्टेशन परिसर और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस, आरपीएफ और रैफ के जवान तैनात किए गए थे। संवेदनशील माने जाने वाले इस इलाके में प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती। अधिकारियों के अनुसार अभियान शांतिपूर्ण तरीके से पूरा किया गया।
रेलवे की जमीन पर वर्षों पुराना था अवैध कब्जा
पार्क सर्कस स्टेशन सियालदह दक्षिण शाखा के सबसे व्यस्त स्टेशनों में गिना जाता है। रेलवे का आरोप है कि स्टेशन परिसर और उसके आसपास लंबे समय से बड़ी संख्या में अवैध दुकानें और अस्थायी ढांचे खड़े कर दिए गए थे, जिससे यात्रियों की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था और स्टेशन संचालन प्रभावित हो रहा था। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि कई बार चेतावनी देने और नोटिस जारी करने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई का फैसला लिया।
अब अन्य स्टेशनों पर भी जारी रहेगा अभियान
रेलवे सूत्रों के अनुसार, पार्क सर्कस स्टेशन पर कार्रवाई किसी एक स्थान तक सीमित नहीं रहेगी। हावड़ा, सियालदह, दमदम और अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान तेज किया जा रहा है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्टेशन परिसरों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। आने वाले दिनों में अन्य संवेदनशील रेलवे परिसरों में भी इसी तरह की कार्रवाई देखने को मिल सकती है।
