
मुंबई। बॉलीवुड की लोकप्रिय और जानी-मानी अभिनेत्री जूही चावला शुक्रवार को अपना 59वां जन्मदिन मना रही हैं। लेकिन अपने इस खास दिन से ठीक पहले उन्होंने मुंबई शहर में हवा की गिरती गुणवत्ता और फैले प्रदूषण को लेकर एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए जूही चावला ने शहर के वातावरण में आ रही एक अजीब तरह की गंध पर गहरी चिंता जाहिर की है।
'क्या किसी और को भी आ रही है हवा में जले हुए फ्यूल की गंध?'
मुंबई में लगातार बढ़ रहे एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) और प्रदूषण स्तर के बीच जूही चावला ने सोशल मीडिया पर अपनी परेशानी साझा की। उन्होंने पोस्ट में लिखा:
"क्या कोई मुझे बताएगा कि हवा में जले हुए फ्यूल की यह अजीब सी गंध क्या है? यह लगभग केरोसिन या डीजल की तरह है। मैं इसे कई दिनों से नोटिस कर रही हूं, सुबह से लेकर दिन के अलग-अलग समय पर। क्या किसी और को भी यह गंध आ रही है? कृपया मुझे बताइए।"
गौरतलब है कि दिवाली के बाद से ही मुंबई और दिल्ली की हवा बेहद खराब स्थिति में है। हाल ही में मुंबई का AQI 171 तक दर्ज किया गया था, जो संवेदनशील लोगों के लिए काफी नुकसानदेह माना जा रहा है।
चिंता जताने पर लोगों ने एक्ट्रेस को किया ट्रॉल, दिए मजेदार जवाब
जहाँ एक तरफ जूही चावला प्रदूषण और अजीब बदबू को लेकर वाकई गंभीर नजर आईं, वहीं सोशल मीडिया यूज़र्स ने इस मुद्दे पर सीरियस होने के बजाय मजाक बनाना शुरू कर दिया।
- एक यूज़र ने मजाकिया अंदाज़ में लिखा, "लगता है पड़ोसी के घर पकौड़े बन रहे हैं, ज़रा पता करवाइए।"
- दूसरे यूज़र ने टिप्पणी की, "यह जेन्सेन हुआंग हैं, जो सभी चीनी चिप्स को जला रहे हैं।"
- एक अन्य यूज़र ने लिखा, "ऐसा कुछ नहीं है, कोई बदबू नहीं आ रही, आराम से सो जाइए।"
- वहीं किसी ने लिखा, "लगता है किसी ने अपना डॉलर वाला कच्चा (अंडरवियर) जला दिया होगा।"
IAS या MBA कराना चाहते थे पिता, लेकिन बन गईं मिस इंडिया
13 नवंबर 1967 को हरियाणा के अंबाला में जन्मीं जूही चावला का लालन-पालन और पढ़ाई मुंबई में हुई। बहुत कम लोग जानते हैं कि जूही चावला के पिता चाहते थे कि उनकी बेटी खूब पढ़ाई करे और आगे चलकर आईएएस अधिकारी (IAS Officer) बने या फिर MBA की डिग्री हासिल करे। वहीं उनकी मां चाहती थीं कि वह मार्केटिंग क्षेत्र में अपना करियर बनाएं।
हालांकि, कॉलेज के दिनों में ही जूही की जिंदगी में एक ऐसा मोड़ आया जिसने उनका पूरा करियर बदलकर रख दिया। अपनी सहेलियों को देखकर उन्होंने कॉलेज स्तर के एक ब्यूटी कॉन्टेस्ट में हिस्सा लिया, जिसमें वह विजेता बनीं। इसके बाद उन्होंने मिस इंडिया कॉन्टेस्ट का फॉर्म भरा और'मिस इंडिया' का ताज जीतकर सीधे बॉलीवुड में धमाकेदार एंट्री की।
अपने काम के प्रति ईमानदारी को लेकर जूही कहती हैं, "मेरी हमेशा यही कोशिश रही कि मैं जो भी काम करूं, वो बेहतर करूं। स्कूल के दिनों से ही मैंने अपनी पढ़ाई और काम को गंभीरता से लिया, जिसका नतीजा मुझे अपने करियर में भी देखने को मिला।"
