नई दिल्ली। देश के सबसे बड़े लोक पर्वों में से एक 'छ छठ महापर्व' की धूम इन दिनों चारों तरफ देखने को मिल रही है। इस बीच, भोजपुरी सिनेमा की दिग्गज और जानी-मानी सिंगर कल्पना पटवारी ने छठ पूजा को लेकर एक ऐसा बयान दिया है, जो सोशल मीडिया से लेकर हर तरफ चर्चा का विषय बन गया है। कल्पना पटवारी ने एक पॉडकास्ट के दौरान बताया कि बिहार में केवल हिंदू ही नहीं, बल्कि मुस्लिम महिलाएं भी उतनी ही श्रद्धा के साथ छठ का व्रत रखती हैं और छठी मैया की पूजा करती हैं।

माँ बनने की उम्मीद और छठ की अटूट आस्था

एक इंटरव्यू के दौरान कल्पना पटवारी ने अपनी पर्सनल लाइफ और छठ से जुड़े कई संस्मरण साझा किए। उन्होंने बताया कि किस तरह छठी मैया को बच्चों की जीवन प्रदायिनी के रूप में देखा जाता है। जब एक महिला को मां बनने में कठिनाई होती है, तब उसे हर तरफ से निराशा मिलने पर छठ मैया पर अटूट विश्वास बंधता है।

अपने जीवन का एक किस्सा सुनाते हुए उन्होंने बताया, "मुझे भी मां बनने में कुछ मेडिकल समस्याएं आई थीं। तब जमालपुर से मेरी एक फैन ने मुझसे कहा था कि वह मेरे लिए कोसी भरने जा रही हैं। अगले ही साल मेरे यहां जुड़वा बेटे हुए। वह मां मेरे दोनों बच्चों को लेकर जमालपुर में छठ की और कुछ खास नियम पूरे किए। यह भावना इतनी गहरी है कि इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।"

'धर्म छोटा हो जाता है जब बात मां बनने की हो'

पॉलिटिकल और सांस्कृतिक बहसों पर बात करते हुए कल्पना ने कहा कि आज के दौर में भले ही हिंदू-मुसलमान की बातें होती हों, लेकिन बिहार की सांस्कृतिक जमीन इन सबसे कहीं ऊपर है। उन्होंने बड़े गर्व के साथ बताया कि बिहार में कई मुस्लिम महिलाएं भी छठ का व्रत रखती हैं।

उन्होंने अपने एक गाने का जिक्र करते हुए कहा, "हम लोगों ने इस पर एक गाना भी तैयार किया है, जिसे काफी व्यूज मिले। उसमें हमने दिखाया है कि कैसे एक मुस्लिम महिला नमाज के परिधान से हटकर पारंपरिक कपड़े पहनती है और छठ करती है। जब बात मां बनने की हो और विश्वास की हो, तो धर्म छोटा हो जाता है। वहां सिर्फ एक स्त्री की आस्था बचती है।"

छठ में किसी पंडित की जरूरत नहीं, लोकगीत ही हैं मंत्र

छठ पर्व के महत्व को समझाते हुए कल्पना पटवारी ने कहा कि इस महापर्व की सबसे बड़ी खूबसूरती यह है कि इसमें किसी पुरोहित या पंडित की अनिवार्यता नहीं होती। यहाँ तक कि पारंपरिक लोकगीत ही इसके मुख्य मंत्र और पहचान हैं। उन्होंने खुशी जताई कि अब असम और देश के दूसरे हिस्सों में भी महिलाएं बढ़-चढ़कर छठ पूजा कर रही हैं।

अपने व्रत के अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि त्योहार के दिनों में उनके कार्यक्रम और स्टेज शो होते हैं, जिसके कारण कई बार वे निर्जला व्रत नहीं रख पाती हैं। हालांकि, कोविड के कठिन समय में उन्होंने असम में पहली बार विधिवत छठ पूजा की थी, जिसका अनुभव उनके लिए बेहद अलौकिक और दैवीय रहा था।