धुंधला दिखना, डबल विजन या नजर कमजोर होना अक्सर लोग आंखों की सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं. हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि कई बार ये लक्षण सिर्फ आंखों से जुड़ी परेशानी नहीं, बल्कि दिमाग से जुड़ी गंभीर बीमारी जैसे ब्रेन ट्यूमर के शुरुआती संकेत भी हो सकते हैं. समय पर पहचान और इलाज से न केवल बीमारी का पता लगाया जा सकता है, बल्कि आंखों की रोशनी को भी बचाया जा सकता है.

P | Source: Pexel

Source : Pexel

हर आंखों की परेशानी सिर्फ आंखों की नहीं होती

डॉक्टरों के अनुसार, हमारी आंखें दिमाग से सीधे जुड़ी होती हैं. जब हम किसी चीज को देखते हैं, तो उसकी जानकारी ऑप्टिक नर्व के जरिए दिमाग तक पहुंचती है. इसके बाद दिमाग उस जानकारी को प्रोसेस कर हमें देखने का अनुभव कराता है. अगर इस पूरे रास्ते में कहीं ट्यूमर बन जाए, दिमाग पर दबाव बढ़ जाए या ऑप्टिक नर्व प्रभावित हो जाए, तो सबसे पहले असर नजर पर दिखाई दे सकता है. यही वजह है कि आंखों से जुड़े कुछ बदलावों को हल्के में नहीं लेना चाहिए.

आंखों और दिमाग का गहरा संबंध

विशेषज्ञों के मुताबिक, कुछ प्रकार के ब्रेन ट्यूमर की पहचान शुरुआती दौर में आंखों से जुड़े लक्षणों के जरिए हो सकती है. इनमें पिट्यूटरी एडेनोमा शामिल है, जो आमतौर पर एक सौम्य (Benign) ट्यूमर होता है और पिट्यूटरी ग्लैंड के पास विकसित होता है. यह धीरे-धीरे आंखों की रोशनी को प्रभावित कर सकता है और शुरुआत में इसके स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते.

इसी तरह क्रेनियोफैरिंजियोमा बच्चों और वयस्कों दोनों में हो सकता है. यह भी पिट्यूटरी ग्लैंड के पास विकसित होता है और आंखों की रोशनी के साथ-साथ हार्मोन से जुड़ी समस्याएं भी पैदा कर सकता है.

ये ब्रेन ट्यूमर भी बन सकते हैं वजह

विशेषज्ञ बताते हैं कि मेनिन्जियोमा यदि ऑप्टिक नर्व या पिट्यूटरी ग्लैंड के आसपास विकसित हो जाए, तो यह देखने वाली नसों पर दबाव डाल सकता है. इसके कारण नजर धुंधली हो सकती है या साइड विजन कम हो सकती है. वहीं ऑप्टिक पाथवे ग्लियोमा सीधे उस रास्ते को प्रभावित करता है, जिसके जरिए आंखों से दिमाग तक दृश्य संकेत पहुंचते हैं. इस स्थिति में समय के साथ आंखों की रोशनी धीरे-धीरे कम होने लगती है. इसलिए यदि धुंधला दिखना, डबल विजन या नजर कमजोर होने जैसे लक्षण लगातार बने रहें, तो जल्द से जल्द विशेषज्ञ डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है.

Disclaimer:यह जानकारी विशेषज्ञों की राय और उपलब्ध मेडिकल जानकारी पर आधारित है. इसे चिकित्सीय सलाह का विकल्प न मानें. यदि आपको लगातार धुंधला दिखना, डबल विजन, अचानक नजर कमजोर होना या आंखों से जुड़ी कोई असामान्य समस्या महसूस हो, तो तुरंत न्यूरोलॉजिस्ट या नेत्र विशेषज्ञ से परामर्श लें.