उत्तर प्रदेश की राजनीति में पीडीए (PDA) को लेकर सियासी बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने पीडीए की नई व्याख्या को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी समय-समय पर अपने राजनीतिक हितों के अनुसार इसकी परिभाषा बदलती रहती है। उन्होंने सपा पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि पार्टी अलग-अलग वर्गों को साधने के लिए पीडीए के अर्थ में बदलाव करती रहती है। इतना ही नहीं, राजभर ने अखिलेश यादव की तुलना फिल्म राजा बाबू के किरदार से करते हुए उन पर व्यंग्य भी किया।

P | Source: Pinterest

Source : Pinterest

PDA की नई व्याख्या पर साधा निशाना

ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव ने हाल ही में पीडीए की नई व्याख्या करते हुए ‘A’ का अर्थ आदिवासी बताया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इससे पहले समाजवादी पार्टी की ओर से ‘A’ का मतलब अल्पसंख्यक और अगड़ा भी बताया जा चुका है।

राजभर ने कहा कि उन्हें आशंका है कि भविष्य में किसी सम्मेलन में अखिलेश यादव यह भी कह सकते हैं कि ‘A’ का अर्थ आतंकवादी होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी अपने राजनीतिक हितों के अनुसार पीडीए की परिभाषा बदलती रहती है।

सपा सरकार के कार्यकाल का भी किया जिक्र

सुभासपा अध्यक्ष ने समाजवादी पार्टी की पूर्व सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में वाराणसी सीरियल ब्लास्ट, लखनऊ और फैजाबाद कोर्ट ब्लास्ट के आरोपियों के खिलाफ चल रहे मुकदमों को वापस लेने का प्रयास किया गया था। उन्होंने कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति के कारण समाजवादी पार्टी समय-समय पर पीडीए की नई व्याख्या प्रस्तुत करती रहती है। राजभर का कहना था कि अब प्रदेश की जनता पीडीए की वास्तविकता को समझ चुकी है और विकास व सुशासन के मुद्दों पर निर्णय ले रही है।

अखिलेश की तुलना फिल्मी किरदार ‘राजा बाबू’ से

अपने बयान के दौरान ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव की तुलना फिल्म ‘राजा बाबू’ के किरदार से भी की। उन्होंने कहा कि उन्हें गोविंदा अभिनीत फिल्म राजा बाबू याद आती है, जिसमें मुख्य किरदार कभी वकील, कभी डॉक्टर, कभी पुलिस अधिकारी और कभी नेता की भूमिका निभाता नजर आता है। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि भारतीय राजनीति में भी अखिलेश यादव अलग-अलग अवसरों पर अलग-अलग भूमिकाओं में दिखाई देते हैं, इसलिए उन्हें राजनीति का “राजा बाबू” कहा जा सकता है।

सियासी बहस तेज होने के आसार

ओम प्रकाश राजभर के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में पीडीए को लेकर बहस और तेज होने की संभावना है। बीते कुछ दिनों से राजभर लगातार समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमलावर रहे हैं। चाहे समाजवादी पार्टी में टूट का दावा हो या फिर राम मंदिर चढ़ावे का मुद्दा, वह विभिन्न विषयों पर सपा को घेरते नजर आए हैं ।