मेटा अपने सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स के लिए नए प्रीमियम सब्सक्रिप्शन प्लान्स पर काम कर रही है। हाल ही में Facebook Plus, Instagram Plus और WhatsApp Plus जैसे पेड फीचर्स की टेस्टिंग की खबरें सामने आई थीं। अब एक नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कंपनी जल्द ही WhatsApp में Meta One सब्सक्रिप्शन सपोर्ट जोड़ सकती है, जिससे यूजर्स एक ही प्लान के तहत कई एक्सक्लूसिव फीचर्स का फायदा उठा सकेंगे।


WhatsApp में मिला Meta One का संकेत

रिपोर्ट के मुताबिक WhatsApp के Android Beta Version 2.26.23.10 में Meta One से जुड़े कुछ नए संकेत मिले हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि आने वाले समय में यूजर्स WhatsApp ऐप के भीतर ही Meta One सब्सक्रिप्शन खरीद और मैनेज कर सकेंगे। हालांकि फिलहाल कंपनी की ओर से इस फीचर को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।


लॉन्च हो सकते हैं दो सब्सक्रिप्शन प्लान

लीक जानकारी के अनुसार Meta One को दो अलग-अलग प्लान्स में पेश किया जा सकता है। पहला प्लान Meta One Plus हो सकता है, जिसकी कीमत लगभग 6.99 यूरो यानी करीब 700 रुपये प्रति माह बताई जा रही है। इस प्लान में WhatsApp Plus के फीचर्स के साथ बेहतर AI Image Generation और Video Generation टूल्स मिलने की उम्मीद है।

वहीं दूसरा प्लान Meta One Premium हो सकता है, जिसकी संभावित कीमत 20.99 यूरो यानी करीब 2,200 रुपये प्रति माह बताई जा रही है। इस प्लान में ज्यादा AI Usage Limit, Advanced AI Reasoning और बेहतर Image-Video Creation जैसे अतिरिक्त फीचर्स मिल सकते हैं।


WhatsApp Plus में क्या मिल सकता है?

रिपोर्ट्स के अनुसार WhatsApp Plus सब्सक्रिप्शन के तहत यूजर्स को कई एक्सक्लूसिव कस्टमाइजेशन फीचर्स मिल सकते हैं। इनमें नए ऐप थीम्स, कस्टम रिंगटोन्स, अतिरिक्त पिन किए गए चैट्स, बेहतर चैट लिस्ट मैनेजमेंट और प्रीमियम स्टिकर्स शामिल हो सकते हैं।

इसके अलावा Meta AI के एडवांस्ड फीचर्स का एक्सेस भी सब्सक्राइबर्स को मिल सकता है, जिससे AI चैटिंग और कंटेंट क्रिएशन का अनुभव पहले से ज्यादा बेहतर हो सकता है।


मिल सकता है फ्री ट्रायल

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि Meta One Premium प्लान के साथ कुछ यूजर्स को एक महीने का फ्री ट्रायल भी दिया जा सकता है। इससे यूजर्स सब्सक्रिप्शन खरीदने से पहले प्रीमियम फीचर्स को आजमा सकेंगे।


अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार

फिलहाल Meta One और WhatsApp Plus से जुड़ी सभी जानकारी बीटा वर्जन और लीक रिपोर्ट्स पर आधारित है। मेटा ने अभी तक इन प्लान्स की कीमत, लॉन्च डेट या फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हालांकि अगर यह सब्सक्रिप्शन लॉन्च होता है, तो WhatsApp, Facebook और Instagram यूजर्स को एक ही प्लान में कई प्रीमियम सुविधाएं मिल सकती हैं।