टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने बुधवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी विधायक अलीफा अहमद के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान उनके खिलाफ नारेबाजी की और अंडे फेंके।
महुआ मोइत्रा कालीगंज के पलाशी इलाके में टीएमसी विधायक अलीफा अहमद के घर आयोजित पार्टी की एक बैठक में शामिल होने पहुंची थीं। इसी दौरान घर के बाहर भाजपा समर्थकों का एक समूह जमा हो गया और 'वापस जाओ' के नारे लगाने लगा। आरोप
है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने अंडे भी फेंके और 'चोर-चोर' के नारे लगाए। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया।घटना के बाद महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं पर विरोध प्रदर्शन करने और माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य में सरकार बदलने के बाद कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई है और पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। मोइत्रा ने आरोप लगाया कि उन पर हमला करने की साजिश रची जा रही है और प्रदर्शन में शामिल लोग आम नागरिक नहीं, बल्कि भाजपा के कार्यकर्ता थे।
नादिया में विरोध प्रदर्शन के दौरान टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने भाजपा समर्थकों पर अंडे फेंकने और नारेबाजी का आरोप लगाया।Source : Etvbharat.com
हालांकि, समाचार एजेंसी पीटीआई इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकी।
महुआ मोइत्रा से जुड़ा यह पहला मामला नहीं है।
इससे पहले 13 जून को भी महुआ मोइत्रा को विरोध का सामना करना पड़ा था। उस दिन भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता कृष्णानगर जिला अदालत के बाहर एकत्र हुई थीं, जहां एक मामले में पेशी के लिए मोइत्रा पहुंची थीं। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने उन पर अंडे फेंकने की भी कोशिश की थी।
घटना के बाद महुआ मोइत्रा ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था, "मैं इस घटना में शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करूंगी। सबसे पहले पुलिस में शिकायत दर्ज कराऊंगी। यदि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो हाईकोर्ट का रुख करूंगी और जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट भी जाऊंगी।"
