Pappu Yadav Attack: जूते से हमला नहीं, हत्या की थी साजिश...? पप्पू यादव का बड़ा दावा- हमलावर चाकू लेकर आया था, अब भी मिल रही हैं धमकियां | Source: Hindustan Times.comPappu Yadav Attack: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुए हमले को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि हमलावर चाकू लेकर आया था और उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। वहीं उनके मीडिया संयोजक ने दिल्ली पुलिस से एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Pappu Yadav Attack: जूते से हमला नहीं, हत्या की थी साजिश...? पप्पू यादव का बड़ा दावा- हमलावर चाकू लेकर आया था, अब भी मिल रही हैं धमकियांSource : Hindustan Times.com

पूर्णिया लोकसभा सीट से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपने ऊपर हुए हमले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें अब भी लगातार धमकियां मिल रही हैं और कुछ लोग उन्हें जिंदा जलाना चाहते हैं। पप्पू यादव का दावा है कि जिस शख्स ने उन पर हमला किया, वह चाकू लेकर आया था। उन्होंने कहा कि अगर मौके पर मौजूद जनता नहीं होती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। हालांकि उन्होंने एफआईआर दर्ज कराने के सवाल पर कहा कि इससे क्या होगा, क्योंकि उनके मुताबिक बड़ी ताकतें उन्हें मरवाना चाहती हैं।

 मीडिया संयोजक ने एफआईआर की मांग की

रविवार को पप्पू यादव के मीडिया संयोजक जैद बिन मुजीब ने नई दिल्ली के डीसीपी को लिखित शिकायत सौंपकर तत्काल एफआईआर दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कुछ लोगों ने पूर्वनियोजित तरीके से पप्पू यादव पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की। इसमें दावा किया गया कि हमलावर चाकू लेकर पहुंचे थे और हत्या की नीयत से हमला किया गया।

 सुरक्षाकर्मी घायल, पप्पू यादव सुरक्षित

शिकायत के अनुसार, पप्पू यादव को बचाने के दौरान मीडिया संयोजक जैद बिन मुजीब और उनके साथ मौजूद दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। हालांकि पप्पू यादव को कोई शारीरिक चोट नहीं आई। शिकायत में कहा गया है कि घटना के बाद कुछ संदिग्धों को पुलिस थाने ले जाया गया, लेकिन उनके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।

पहले भी मांगी गई थी सुरक्षा

शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना से पहले पप्पू यादव की सुरक्षा को लेकर पुलिस को लिखित रूप से अवगत कराया गया था और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई थी। इसके बावजूद पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई। शिकायतकर्ताओं ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सीसीटीवी और इलेक्ट्रॉनिक सबूत सुरक्षित रखने की मांग

शिकायत में पुलिस से घटना से जुड़े सभी सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल वीडियो, मीडिया रिकॉर्डिंग, तस्वीरें और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सुरक्षित रखने की मांग की गई है। इसके अलावा कथित हमले में इस्तेमाल किए गए चाकू और अन्य हथियारों की बरामदगी कर उनकी फोरेंसिक जांच कराने की भी मांग की गई है। शिकायत में पप्पू यादव, जैद बिन मुजीब, घायल सुरक्षाकर्मियों, मीडिया कर्मियों और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने की भी अपील की गई है।

सुरक्षा बढ़ाने की भी उठी मांग

शिकायत में पप्पू यादव, उनके परिवार, स्टाफ, समर्थकों, सुरक्षा कर्मियों और शिकायतकर्ता की सुरक्षा बढ़ाने की मांग भी की गई है। इसमें दावा किया गया कि हाल के दिनों में पप्पू यादव को लेकर इनामी घोषणा वाले वीडियो, सोशल मीडिया पर धमकी भरे पोस्ट और उनकी पत्नी के आवास के बाहर संदिग्ध गतिविधियों जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं। शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की है।