Aligarh Acid Attack: नमाज पढ़ रही पत्नी पर पति ने फेंका तेजाब... काम को लेकर विवाद ने लिया खौफनाक मोड़ | Source: NDTV.comAligarh Acid Attack News:अलीगढ़ के थाना रोरावर क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद एक शख्स ने नमाज पढ़ रही पत्नी पर तेजाब फेंक दिया। गंभीर रूप से झुलसी महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि आरोपी पति वारदात के बाद फरार हो गया।

Aligarh Acid Attack: नमाज पढ़ रही पत्नी पर पति ने फेंका तेजाब... काम को लेकर विवाद ने लिया खौफनाक मोड़Source : abp news.com

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। थाना रोरावर क्षेत्र के शाहजमाल इलाके में एक शख्स ने अपनी पत्नी पर तेजाब से हमला कर दिया। तेजाब हमले में गंभीर रूप से झुलसी महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति के काम न करने को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

काम को लेकर दोनों के बीच होता था विवाद

पुलिस के मुताबिक पूरा मामला थाना रोरावर क्षेत्र के शाहजमाल इलाके का है। यहां आदाब नाम के व्यक्ति ने अपनी पत्नी यास्मीन पर तेजाब से हमला कर दिया। पीड़िता यास्मीन ने बताया कि उसका पति कोई काम नहीं करता था। वह अक्सर उसे रोजगार करने और घर की जिम्मेदारी निभाने के लिए कहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ। पत्नी की यह बात आरोपी पति को नागवार गुजरी और वह नाराज होकर कुछ दिन पहले घर छोड़कर चला गया था।

 नमाज के दौरान किया तेजाब से हमला

पीड़िता ने बताया कि कई दिनों तक घर से बाहर रहने के बाद आरोपी पति ने अचानक फोन किया और कहा कि वह उसे कुछ पैसे देने के लिए घर आ रहा है। महिला को लगा कि पति समझौता करने आया है, लेकिन घर पहुंचते ही उसने वारदात को अंजाम दे दिया। बताया गया कि उस समय यास्मीन घर में नमाज पढ़ रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उसके ऊपर तेजाब फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। तेजाब हमले में महिला गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

 पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही थाना रोरावर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आरोपी की तलाश में कई जगह दबिश दी, लेकिन फिलहाल वह फरार है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 सीओ ने दी कार्रवाई की जानकारी

क्षेत्राधिकारी (सीओ) संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि 31 जुलाई 2026 को थाना रोरावर पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला पर उसके पति ने तेजाब डाल दिया है। जांच में सामने आया कि पति कोई काम नहीं करता था और इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। गुस्से में आकर आरोपी ने पत्नी पर तेजाब फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने के बाद मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।