असम में विमान हादसे में शहीद हुए दानिश

असम के जोरहाट में भारतीय वायुसेना के एक विमान हादसे में बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले अग्निवीर दानिश आलम शहीद हो गए। दानिश पिछले साल ही वायुसेना में भर्ती हुए थे और उनकी पहली पोस्टिंग जोरहाट में हुई थी। महज 22 साल की उम्र में उन्होंने देश की सेवा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।


परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

दानिश अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। शहादत की खबर मिलते ही परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के अनुसार, दानिश 23 मई को छुट्टी लेकर घर आए थे और 30 मई को ड्यूटी पर लौट गए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनसे आखिरी मुलाकात होगी।


पिछले साल हुई थी एयरफोर्स में भर्ती

दानिश का चयन अग्निवीर वायु के रूप में हुआ था। उन्होंने जून 2025 में एयरफोर्स जॉइन की थी। शुरुआती प्रशिक्षण के बाद उनकी पहली तैनाती असम के जोरहाट में की गई थी। परिवार को उनकी उपलब्धि पर गर्व था और उनके उज्ज्वल भविष्य की उम्मीदें थीं।


हादसे में बिहार के एक और जवान शहीद

इस विमान हादसे में बिहार के जहानाबाद जिले के फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार भी शहीद हुए हैं। जानकारी के अनुसार, वायुसेना का परिवहन विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में पांच जवानों की जान चली गई, जबकि एक को-पायलट गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जांच जारी है।