Abhijeet Dipke News: दिल्ली में छात्र आंदोलन का नेतृत्व करने वाले CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने साफ कर दिया है कि उनकी राजनीति में आने की कोई महत्वाकांक्षा नहीं है। उन्होंने कहा कि उनका सपना अपने गांव का सरपंच बनकर शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं पर काम करना है।
Abhijeet Dipke News: राजनीति नहीं तो फिर क्या है सपना...? अभिजीत दीपके ने पहली बार बताया अपना बड़ा प्लानSource : Abp news.com
दिल्ली में छात्रों के आंदोलन का नेतृत्व करने वाले CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के संस्थापक अभिजीत दीपके अब अपने अगले कदम की तैयारी में जुटे हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी राजनीति में आने की कोई इच्छा नहीं है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य चुनावी राजनीति नहीं, बल्कि अपने गांव का विकास करना है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब कई बड़े नेता और मंत्री उनसे मुलाकात करने उनके घर पहुंच रहे हैं। अमेरिका में पढ़ाई के दौरान CJP की शुरुआत करने वाले अभिजीत दीपके ने अपने भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से बात की।
सरपंच बनकर गांव का विकास करना चाहते हैं
अभिजीत दीपके ने कहा कि अगर उनका उद्देश्य राजनीति में आना होता तो वह अमेरिका पढ़ाई के लिए नहीं जाते। उन्होंने बताया कि उनका सपना महाराष्ट्र के हिंगोली जिले स्थित अपने गांव सांतुक पिंपरी का सरपंच बनने का है। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से अपने परिवार से भी यही बात कहते रहे हैं कि गांव के विकास के लिए बहुत काम किया जाना बाकी है। उनका लक्ष्य गांव के स्कूलों की स्थिति सुधारना, बेहतर सड़कें बनवाना, नालों का निर्माण कराना और एक अस्पताल की व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
गांव की समस्याओं ने किया प्रेरित
बातचीत के दौरान दीपके ने बताया कि वह हर साल गर्मियों में दो से तीन महीने अपने गांव में बिताते थे। उन्होंने कहा कि उन्हें अच्छी शिक्षा का अवसर मिला, लेकिन उनके रिश्तेदारों और गांव के कई बच्चों को जर्जर स्कूलों में पढ़ाई करनी पड़ती थी। कई बच्चे टूटे हुए फर्श पर बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर थे। उन्होंने कहा कि यही हालात उन्हें गांव के लिए कुछ बेहतर करने की प्रेरणा देते रहे हैं।
प्रेशर ग्रुप की तरह करेगा काम CJP
अभिजीत दीपके ने कहा कि उनके साथ बड़ी संख्या में स्वयंसेवक जुड़े हुए हैं और सभी मिलकर अलग-अलग स्तर पर काम करेंगे। उन्होंने बताया कि CJP एक राजनीतिक दबाव समूह यानी प्रेशर ग्रुप की तरह काम करेगा। उनका मानना है कि लोकतंत्र में जितने अधिक प्रेशर ग्रुप होंगे, उतनी ही मजबूती से जनता के मुद्दे उठाए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नए लोग और नए आंदोलन सामने आएंगे और समाज में बदलाव की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।
5 अगस्त को होगी अहम बैठक
PTI भाषा की रिपोर्ट के अनुसार, CJP के प्रमुख सदस्य 5 अगस्त को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। सूत्रों के मुताबिक यह बैठक अभिजीत दीपके के आवास पर आयोजित होगी। बताया गया है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के खिलाफ एक महीने तक चले आंदोलन के बाद स्वयंसेवकों और छात्रों से सुझाव जुटाने के निर्देश दिए गए थे। अब इन सुझावों के आधार पर संगठन की भविष्य की रणनीति, कार्ययोजना और आगे की गतिविधियों पर चर्चा की जाएगी। बैठक के बाद CJP की ओर से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी आयोजित की जाएगी, जिसमें भविष्य के फैसलों और योजनाओं की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
