IPL: बीते मंगलवार 28 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के बीच मुल्लांपुर में खेले गए मुकाबले के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। इस मैच में जहां पंजाब को सीजन की पहली हार झेलनी पड़ी, वहीं दूसरी ओर एक फैन प्रियांश आर्य के छक्के का शिकार हो गया। प्रियांश आर्य के बल्ले से निकली गेंद सीधे स्टैंड में बैठे एक बुजुर्ग दर्शक के चेहरे पर जा लगी।


सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गेंद लगने के तुरंत बाद फैन के चेहरे से खून बहने लगा। उनकी शर्ट पर भी खून के निशान नजर आए। आसपास बैठे लोगों ने तुरंत इंसानियत दिखाते हुए मदद शुरू की—कुछ लोग खून रोकने की कोशिश करते दिखे तो कुछ घाव साफ करते नजर आए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, घायल फैन को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।


अगर मैच की बात करें तो प्रियांश आर्य ने अच्छी शुरुआत जरूर की, लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल सके। उन्होंने सिर्फ 11 गेंदों में 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 29 रन बनाए और जल्द आउट हो गए।


मुकाबले में पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 222 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए मार्कस स्टोइनिस ने ताबड़तोड़ अंदाज में 22 गेंदों पर 62* रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 6 छक्के शामिल थे। वहीं प्रभसिमरन सिंह ने भी 59 रन की अहम पारी खेली।


लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 19.2 ओवर में 4 विकेट खोकर 228 रन बना लिए और मैच अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में यशस्वी जायसवाल और डोनोवन फरेरा की अर्धशतकीय पारियां अहम रहीं।


इस तरह पंजाब किंग्स को इस सीजन की पहली हार का सामना करना पड़ा, हालांकि टीम अब भी प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर बनी हुई है। वहीं मैच के दौरान हुई यह घटना अब चर्चा का विषय बनी हुई है और स्टेडियम सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।