महंगाई के दौर में जहां सोना-चांदी आम लोगों की पहुंच से दूर होते जा रहे हैं, वहीं कुछ लोग अपने रिश्तों और शौक को खास बनाने के लिए अनोखे तरीके अपनाते नजर आते हैं। Kolhapur से सामने आई एक ऐसी ही खबर इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रही है। यहां एक ससुर ने अपने दामाद के स्वागत को यादगार बनाने के लिए डेढ़ किलो चांदी से बनी खास ‘कोल्हापुरी चप्पल’ तैयार करवाई है। इस अनोखे तोहफे की तस्वीरें इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही हैं और लोग इसे देखकर हैरान भी हैं और प्रभावित भी।
पारंपरिक अंदाज में तैयार हुई आलीशान चप्पल
बताया जा रहा है कि यह खास चप्पल पूरी तरह पारंपरिक कोल्हापुरी डिजाइन में तैयार की गई है। देखने में यह बिल्कुल सामान्य कोल्हापुरी चप्पल जैसी लगती है, लेकिन इसकी असली खासियत इसमें इस्तेमाल हुई चांदी है। जानकारी के मुताबिक, इस चप्पल को बनाने के लिए करीब डेढ़ किलो चांदी का इस्तेमाल किया गया। इसे तैयार करने के लिए कोल्हापुर के एक अनुभवी कारीगर ने लगभग आठ दिनों तक मेहनत की। पारंपरिक कला और आधुनिक शौक का यह अनोखा मेल अब लोगों का ध्यान खींच रहा है।
कीमत सुनकर लोग रह गए हैरान
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस चांदी की ‘कोल्हापुरी चप्पल’ की कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है। वहीं इसे बनाने वाले कारीगर को लगभग 22 हजार रुपये मजदूरी दी गई। बताया जा रहा है कि सांगली जिले के एक संपन्न परिवार से जुड़े ससुर ने अपने दामाद के स्वागत को खास और यादगार बनाने के लिए यह अनोखा फैसला लिया। इसके लिए उन्होंने खास तौर पर कोल्हापुर के कारीगरों से संपर्क किया और यह लग्जरी चप्पल तैयार करवाई। शादी-ब्याह के इस सीजन में यह खबर लोगों के बीच खूब चर्चा में बनी हुई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें
फिलहाल इस अनोखी चप्पल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। लोग इसे “रॉयल दामाद वेलकम” और “सबसे महंगी कोल्हापुरी चप्पल” जैसे नाम दे रहे हैं। कई यूजर्स मजाक में लिख रहे हैं कि अब दामाद को सिर्फ सिर आंखों पर नहीं, बल्कि “चांदी की चप्पलों” पर रखा जा रहा है। दिलचस्प बात यह भी है कि कोल्हापुरी चप्पल पहले से ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रही है और अब इस अनोखे तोहफे ने इसे फिर सुर्खियों में ला दिया है। @Adnan
