प्रेगनेंसी के दौरान शरीर का तापमान सामान्य से थोड़ा ज्यादा रहता है और ब्लड सर्कुलेशन भी बढ़ जाता है. ऐसे में जब बाहर का तापमान ज्यादा होता है, तो शरीर को खुद को ठंडा रखने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है.
Pregnancy Care in Summer: बढ़ती गर्मी में प्रेग्नेंट महिलाओं को हो सकती हैं कई दिक्कतें, ऐसे रखें अपना ख्याल
देश के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और इसका असर लोगों के साथ-साथ प्रेग्नेंट महिलाओं की सेहत पर भी साफ नजर आ रहा है. प्रेगनेंसी के दौरान शरीर पहले से ही कई शारीरिक और हार्मोनल बदलावों से गुजरता है. ऐसे में तेज गर्मी इन परेशानियों को और बढ़ा सकती है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इस मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी मां और गर्भ में पल रहे बच्चे, दोनों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है. आइए जानते हैं कि बढ़ती गर्मी में प्रेग्नेंट महिलाओं को किन समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है और उन्हें अपना ध्यान कैसे रखना चाहिए.
गर्मी में क्यों बढ़ जाती हैं दिक्कतें?
डॉक्टरों के अनुसार, प्रेगनेंसी के दौरान शरीर का तापमान सामान्य से थोड़ा ज्यादा रहता है और ब्लड सर्कुलेशन भी बढ़ जाता है. ऐसे में जब बाहर का तापमान ज्यादा होता है, तो शरीर को खुद को ठंडा रखने के लिए अधिक मेहनत करनी पड़ती है. इसकी वजह से डिहाइड्रेशन, थकान, चक्कर आना, सिर दर्द और कमजोरी जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं. कई महिलाओं को ज्यादा पसीना आना, बेचैनी महसूस होना, शरीर में गर्मी लगना और ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव जैसी परेशानियां भी हो सकती हैं. लंबे समय तक धूप में रहने से स्थिति और गंभीर हो सकती है.
किन गंभीर समस्याओं का रहता है खतरा?
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, ज्यादा गर्मी की वजह से हीट एक्सॉशन और हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर स्थितियां पैदा हो सकती हैं. शरीर में पानी और जरूरी मिनरल्स की कमी होने पर कमजोरी, उलझन, तेज सिर दर्द और बेहोशी तक की नौबत आ सकती है. कुछ मामलों में लगातार डिहाइड्रेशन के कारण समय से पहले डिलीवरी और कम वजन वाले बच्चे के जन्म का खतरा भी बढ़ सकता है. इसलिए समय रहते लक्षणों को पहचानना बेहद जरूरी है.
डॉक्टर क्या सलाह देते हैं?
डॉक्टरों के अनुसार, गर्मी के मौसम में प्रेग्नेंट महिलाओं को अपनी लाइफस्टाइल में कुछ जरूरी बदलाव करने चाहिए. दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो. नारियल पानी, छाछ और ताजे फलों के जूस जैसे तरल पदार्थों को डाइट में शामिल करना फायदेमंद होता है. इसके अलावा संतुलित आहार लें, जिसमें फल, सब्जियां और जरूरी पोषक तत्व शामिल हों. दोपहर की तेज धूप से बचें और अगर बाहर जाना जरूरी हो, तो सिर ढककर निकलें. ज्यादा थकान से बचें और बीच-बीच में आराम जरूर करें.
कपड़ों और लाइफस्टाइल का भी रखें ध्यान
गर्मी के मौसम में हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनना ज्यादा आरामदायक रहता है. इससे शरीर को हवा मिलती है और पसीना कम आता है. टाइट या सिंथेटिक कपड़े असहज महसूस करा सकते हैं. इसके अलावा दिनभर में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में हल्का भोजन करना ज्यादा फायदेमंद होता है, ताकि शरीर को लगातार ऊर्जा मिलती रहे. तला-भुना और ज्यादा मसालेदार खाना कम खाना चाहिए.
अगर बार-बार चक्कर आना, ज्यादा थकान, तेज सिर दर्द, उल्टी या बेहोशी जैसी समस्या महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए. साथ ही नियमित चेकअप कराते रहना भी जरूरी है, ताकि किसी भी समस्या को समय रहते पहचाना जा सके.
