Bus Fire: मोतिहारी से मुजफ्फरपुर जा रही बस में अचानक लगी भीषण आग, ऐसे बची 35 यात्रियों की जान | Source: News 18.comNH-27 के बरजी ओवरब्रिज पर चलती बस अचानक आग का गोला बन गई. आग लगते ही यात्रियों में मची अफरा-तफरी, लेकिन चालक की सूझबूझ से सभी समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए. प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग की वजह बताया जा रहा है.

Bus Fire: मोतिहारी से मुजफ्फरपुर जा रही बस में अचानक लगी भीषण आग, ऐसे बची 35 यात्रियों की जानSource : News 18.com

बिहार के मुजफ्फरपुर में देर रात चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई. घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. बस मोतिहारी से मुजफ्फरपुर जा रही थी.इसमें करीब 35 यात्री सवार थे. गनीमत रही कि सभी यात्री समय रहते बस से बाहर निकल गए. इस वजह से बड़ा हादसा टल गया.

चलती बस अचानक बनी आग का गोला

ओवरब्रिज से गुजर रही थी बस

घटना मोतीपुर थाना क्षेत्र में NH-27 स्थित बरजी ओवरब्रिज की है. देर रात बस ओवरब्रिज से गुजर रही थी. इसी दौरान बस में अचानक आग लग गई. कुछ ही देर में आग तेजी से फैलने लगी. देखते ही देखते बस आग की लपटों से घिर गई. बस में आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. कई यात्री घबरा गए. चालक ने तुरंत बस रोक दी.इसके बाद यात्रियों को बाहर निकाला गया. सभी यात्री सुरक्षित बस से बाहर आ गए. किसी यात्री को चोट लगने की सूचना नहीं है.

बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त

आग इतनी तेज थी कि कुछ ही समय में पूरी बस जलने लगी. सड़क पर भी कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास मौजूद लोगों ने भी घटना की सूचना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी. जानकारी मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. हालांकि, तब तक बस का अधिकांश हिस्सा जल चुका था.आग से बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

बस में शॉर्ट सर्किट के कारण आग

अनुमंडल अग्निशामालय पदाधिकारी अमृता कुमारी ने घटना की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में बस में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की बात सामने आई है. हालांकि, आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है. राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री की जान नहीं गई. किसी के घायल होने की भी सूचना नहीं है. समय रहते यात्रियों के बस से बाहर निकलने के कारण बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद कुछ समय के लिए NH-27 पर भी लोगों की भीड़ जमा हो गई थी.