मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे के बाद देशभर में क्रूज यात्रा की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इस हादसे में अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है और कुछ लोग लापता बताए जा रहे हैं। तेज आंधी के दौरान क्रूज में पानी भरने से यह हादसा हुआ, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया। इस घटना के बाद लोग यह जानने के लिए भी उत्सुक हैं कि भारत में और कहां-कहां क्रूज की सुविधा उपलब्ध है और इसका किराया कितना होता है।

भारत में क्रूज यात्रा धीरे-धीरे लोकप्रिय होती जा रही है। खासतौर पर समुद्र और नदियों के किनारे बसे शहरों में यह एक खास पर्यटन आकर्षण बन चुका है। सबसे लोकप्रिय क्रूज रूट्स में मुंबई से गोवा का सफर शामिल है। यह यात्रा आमतौर पर दो रात और तीन दिन की होती है। इस दौरान यात्री समुद्र के बीच शानदार अनुभव का आनंद लेते हैं। इस रूट पर क्रूज का किराया केबिन के प्रकार के अनुसार अलग-अलग होता है। सामान्य (इंटीरियर) केबिन के लिए लगभग 35,000 से 45,000 रुपये प्रति व्यक्ति खर्च करना पड़ता है, जबकि ओशन व्यू या बेहतर सुविधाओं वाले केबिन का किराया इससे अधिक होता है।

मुंबई में ही एक और प्रकार का क्रूज लोकप्रिय है, जिसे हाई-सी क्रूज कहा जाता है। यह क्रूज किसी दूसरे पोर्ट पर नहीं रुकता, बल्कि समुद्र में घूमकर वापस उसी जगह लौट आता है। यह सफर दो से तीन दिन का होता है और इसका किराया अपेक्षाकृत थोड़ा कम होता है। इसमें इंटीरियर केबिन का किराया करीब 32,000 से 40,000 रुपये और ओशन व्यू केबिन का किराया 42,000 से 52,000 रुपये तक हो सकता है।

अगर बात करें प्रीमियम क्रूज अनुभव की, तो लक्षद्वीप जाने वाले क्रूज सबसे खास माने जाते हैं। ये क्रूज आमतौर पर मुंबई या कोच्चि से शुरू होते हैं और करीब पांच रात का सफर कराते हैं। इस दौरान यात्री अलग-अलग द्वीपों का आनंद लेते हैं। इस श्रेणी में किराया ज्यादा होता है। इंटीरियर केबिन के लिए लगभग 75,000 से 95,000 रुपये तक खर्च करना पड़ता है, जबकि ओशन व्यू केबिन का किराया 95,000 रुपये से लेकर 1.5 लाख रुपये तक हो सकता है।

इसके अलावा भारत में कई जगहों पर छोटे स्तर पर भी क्रूज और बोटिंग का अनुभव लिया जा सकता है। केरल के बैकवाटर्स में हाउसबोट काफी प्रसिद्ध हैं, जहां लोग शांत पानी में घूमते हुए प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेते हैं। गोवा में मांडोवी नदी पर डिनर क्रूज काफी लोकप्रिय है, जहां संगीत और खाने के साथ सफर का मजा लिया जा सकता है। मुंबई के अरब सागर में शॉर्ट क्रूज भी उपलब्ध हैं, जो कुछ घंटों का अनुभव देते हैं।

सुंदरबन में नदी और जंगल के बीच क्रूज यात्रा का अलग ही अनुभव मिलता है, वहीं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में समुद्री क्रूज पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। इन सभी जगहों पर किराया समय, सुविधा और पैकेज के अनुसार अलग-अलग होता है।

बरगी डैम हादसे ने यह जरूर दिखाया है कि क्रूज यात्रा के दौरान सुरक्षा का ध्यान रखना कितना जरूरी है। विशेषज्ञों का मानना है कि मौसम की जानकारी, सुरक्षा उपकरण और प्रशिक्षित स्टाफ की मौजूदगी बेहद जरूरी है ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।