Ethanol-Petrol विवाद में BJP MP का ऐसा बयान क्यों मचा बवाल? बोले- ‘शुद्ध पेट्रोल क्या तुम्हारे बाप के घर से आएगा’, कांग्रेस ने बताया सत्ता का अहंकार | Source: Jansatta news.com रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने एथनॉल मिश्रित पेट्रोल का विरोध करने वालों पर साधा निशाना; कांग्रेस ने बयान को ‘सत्ता की ठसक’ और जनता से ‘नफरत’ बताया

Ethanol-Petrol विवाद में BJP MP का ऐसा बयान क्यों मचा बवाल? बोले- ‘शुद्ध पेट्रोल क्या तुम्हारे बाप के घर से आएगा’, कांग्रेस ने बताया सत्ता का अहंकारSource : Jansatta news.com

एथनॉल के विरोध पर BJP सांसद का विवादित बयान

मध्य प्रदेश के रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा अपने बयान को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा ने केंद्र की एथनॉल नीति का बचाव करते हुए इसके विरोधियों पर निशाना साधा और पूछा, ‘शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के यहां से आएगा क्या?’

दरअसल, भारतीय जनता पार्टी के सांसद जनार्दन मिश्रा रीवा एयरपोर्ट पर भोपाल-रीवा और कोलकाता-रीवा फ्लाइट के लिए आयोजित कार्यक्रम में भाषण दे रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एथनॉल मिश्रित पेट्रोल का विरोध करने वालों को लेकर यह टिप्पणी की।

 ‘शुद्ध पेट्रोल देश में है ही नहीं तो आएगा कहां से?’

मिश्रा ने कहा कि भारत में करीब 20 प्रतिशत तेल का उत्पादन होता है, जबकि 80 प्रतिशत तेल विदेशों से आता है। उन्होंने मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और तेल आपूर्ति को लेकर भी बात रखी।

उन्होंने कहा, “जब पीएम मोदी कहते हैं कि एथनॉल मिलाओ 20 प्रतिशत तो आंदोलन हो रहा है कि एथनॉल नहीं चलेगा, शुद्ध पेट्रोल चाहिए। शुद्ध पेट्रोल क्या तुम्हारे बाप के यहां से आएगा। जब शुद्ध पेट्रोल देश में है ही नहीं तो आएगा कहां से।”

बीजेपी सांसद ने एथनॉल मिश्रण का विरोध करने वालों पर निशाना साधते हुए ब्राजील का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि ब्राजील 100 प्रतिशत एथनॉल का उत्पादन करता है और वहां डीजल-पेट्रोल की गाड़ियां एथनॉल से चल रही हैं।

‘एथनॉल से गाड़ी चलाने की क्षमता हिंदुस्तान में है’

जनार्दन मिश्रा ने कहा कि ऑटोमोबाइल कंपनियों की ओर से बताया जा रहा है कि एथनॉल से गाड़ियों के इंजन को कोई दिक्कत नहीं होगी। उन्होंने दावा किया कि भारत में एथनॉल से गाड़ियां चलाने की क्षमता मौजूद है।

बीजेपी सांसद ने कहा, “ऑटो-मोबाइल वाले कह रहे हैं कि हमारे पास में इंजन है, कोई भी दिक्कत नहीं आएगी। एथनॉल से गाड़ी चलाने वाली क्षमता हिंदुस्तान में है। हिंदुस्तान की गाड़ी एथनॉल से चल सकती हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि अगर एथनॉल नहीं बनाया जाएगा तो पेट्रोल और डीजल कहां से आएगा।

भारत में महंगाई कम होने का भी किया दावा

भारतीय जनता पार्टी के सांसद ने भारत में महंगाई को लेकर भी दावा किया। उन्होंने कहा कि दुनिया में अगर कहीं महंगाई के बावजूद महंगाई कम है तो वह भारत में है।

मिश्रा ने कहा कि आज देश आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने रक्षा निर्यात का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत पहले करीब 600 करोड़ रुपये के बम निर्यात करता था, जबकि अब 38,000 करोड़ रुपये के रक्षा उपकरण निर्यात कर रहा है।

उन्होंने कहा, “2014 के भारत और 2026 में नरेंद्र मोदी के भारत में क्या अंतर है? अगर आप यह अंतर देख सकते हैं, तो देश को तोड़ने में लगे लोगों को करारा जवाब देना चाहिए।”

मिश्रा ने आगे कहा कि अगर लोग ऐसा नहीं करते हैं तो इसका मतलब है कि वे इस तरह का विकास नहीं चाहते।

कांग्रेस ने BJP सांसद पर बोला हमला

जनार्दन मिश्रा के बयान को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसे ‘सत्ता की ठसक’ बताया।

उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि रीवा से चुने गए नरेंद्र मोदी सरकार के सांसद कह रहे हैं कि आंदोलन हो रहा है, एथनॉल नहीं चलेगा और शुद्ध पेट्रोल चलेगा। इसके बाद उन्होंने बीजेपी सांसद के बयान का जिक्र करते हुए इसे सत्ता की ‘ठसक’, जनमत की कुर्सी का ‘अहंकार’ और पेट्रोल से परेशान नागरिकों से ‘नफरत’ बताया।

एथनॉल विवाद पर बयान से बढ़ा सियासी घमासान

एथनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा के बयान के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। जहां मिश्रा ने एथनॉल नीति का समर्थन करते हुए विदेशी तेल पर निर्भरता का मुद्दा उठाया, वहीं कांग्रेस ने उनके बयान के लहजे को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

अब जनार्दन मिश्रा की ‘शुद्ध पेट्रोल’ वाली टिप्पणी सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।