ere | Source: ererपटना। तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव से जुड़ा विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इस बीच अनुष्का यादव ने मीडिया के सामने आकर साफ कहा है कि वह तेज प्रताप यादव के बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट पर ध्यान नहीं देतीं। फिलहाल उनकी पूरी दुनिया उनकी बेटी उज्जैनी है और वह उसी की देखभाल तथा भविष्य संवारने में जुटी हैं। अनुष्का का यह बयान पटना में आयोजित एक दांडिया कार्यक्रम के उद्घाटन के बाद सामने आया।

‘तेज प्रताप क्या कहते हैं, इस पर ध्यान देने का समय नहीं’

पटना के कदमकुआं स्थित नाला रोड के रूप चंद भागवत उत्सव हॉल में आयोजित दांडिया नाइट का उद्घाटन अनुष्का यादव ने अपने भाई आकाश यादव और बेटी उज्जैनी के साथ किया। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने तेज प्रताप से जुड़े विवादों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। अनुष्का ने कहा कि उनके पास इतनी फुर्सत नहीं है कि वह तेज प्रताप यादव के हर बयान या सोशल मीडिया पोस्ट पर ध्यान दें। उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण उनकी बेटी है, जिसकी परवरिश और बेहतर भविष्य के लिए वह अपना पूरा समय देना चाहती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भाई आकाश यादव उनके साथ खड़े हैं, इसलिए उन्हें किसी बात की चिंता नहीं है।

‘विवादों को तेज प्रताप ही हवा देते हैं’

अनुष्का यादव ने आरोप लगाया कि उनके नाम से जुड़े विवादों को तेज प्रताप यादव ही चर्चा में लाते हैं। उन्होंने कहा कि इन मामलों से उनका कोई लेना-देना नहीं है और वह हर बात पर सफाई देना जरूरी नहीं समझतीं। हालांकि, उन्होंने तेज प्रताप यादव के लिए बेहतर स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना भी की। अनुष्का के मुताबिक, तेज प्रताप कभी सार्वजनिक रूप से किसी बात को स्वीकार करते हैं तो कभी उससे इनकार करते हैं। ऐसे मामलों में उनसे जुड़े सवालों का जवाब वही बेहतर तरीके से दे सकते हैं।

घर में जबरन प्रवेश के मामले पर क्या बोलीं अनुष्का?

बातचीत के दौरान अनुष्का यादव ने पिछले दिनों घर में कथित तौर पर जबरन प्रवेश किए जाने की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि आकाश यादव की गैरमौजूदगी में तेज प्रताप यादव मोतीलाल के साथ उनके घर में घुस गए थे। अनुष्का ने इसे पारिवारिक मामला बताते हुए इस पर ज्यादा टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि इस मामले में उनके भाई आकाश यादव की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा है और वह कानूनी प्रक्रिया के जरिए न्याय मिलने की उम्मीद रखती हैं।

भाई आकाश यादव पर भरोसा, बेटी के अधिकारों की लड़ाई पर जोर

अनुष्का यादव ने भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि उन्हें अपने भाई आकाश यादव पर पूरा भरोसा है। उनके अनुसार, आकाश उनकी और उनकी बेटी की ओर से हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल उनका ध्यान बेटी उज्जैनी की परवरिश और उसके भविष्य पर केंद्रित है। तेज प्रताप यादव को लेकर उन्होंने कोई नई टिप्पणी करने से परहेज किया और कहा कि उनके लिए बेटी ही सबसे ज्यादा मायने रखती है।

दांडिया कार्यक्रम से पहले तेज प्रताप ने क्या पोस्ट किया था?

दांडिया नाइट से पहले तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने पटना के रूप चंद भागवत उत्सव हॉल में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर साजिश रचे जाने की आशंका जताई थी। उन्होंने विरोधियों को चेतावनी देते हुए कहा था कि किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। तेज प्रताप ने अपने पोस्ट में नवरात्रि का उल्लेख करते हुए सत्य, धर्म और न्याय की विजय की बात कही थी। साथ ही लोगों से शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की थी। अनुष्का यादव के ताजा बयान के बाद यह मामला फिर सुर्खियों में है। जहां तेज प्रताप के सोशल मीडिया पोस्ट से विवाद को लेकर चर्चाएं तेज हुईं, वहीं अनुष्का ने साफ संकेत दिया है कि वह सार्वजनिक बयानबाजी के बजाय अपनी बेटी की देखभाल और कानूनी प्रक्रिया पर ध्यान देना चाहती हैं।