आशुतोष रांका ने राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर स्कूल विवाद को लेकर तीखा हमला किया। | Source: Chrome

आशुतोष रांका ने राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर स्कूल विवाद को लेकर तीखा हमला किया।Source : Chrome

जयपुर के रामपुरा कंवरपुरा गांव में स्कूल के निरीक्षण को लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। सीजेपी की टीम के गांव पहुंचने पर कथित तौर पर ग्रामीणों से विवाद हुआ और टीम को वहां से लौटना पड़ा। सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने इस दौरान बीजेपी पर हमला करने और पथराव का आरोप लगाया। इसके बाद शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के बयान पर रांका ने तीखा पलटवार करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी।

स्कूल निरीक्षण को लेकर विवाद

सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका अपनी टीम के साथ जयपुर के रामपुरा कंवरपुरा गांव स्थित एक स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद ग्रामीणों ने टीम का विरोध किया और उन्हें मौके से जाने के लिए कहा। रांका ने इस पूरे घटनाक्रम के लिए बीजेपी पर आरोप लगाए और पथराव किए जाने का दावा भी किया। उन्होंने घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया।

मदन दिलावर के बयान पर भड़के रांका

घटना के बाद राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने स्कूलों को राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र नहीं बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण की जगह हैं और वहां शिक्षा व विद्यार्थियों के विकास पर ध्यान दिया जाना चाहिए।मंत्री के इस बयान पर आशुतोष रांका ने बेहद आक्रामक अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने मदन दिलावर पर शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनसे ज्यादा नाकारा और भ्रष्ट शिक्षा मंत्री देश ने नहीं देखा। रांका ने कहा कि उन्हें शिक्षा के मुद्दों पर चर्चा करने का साहस नहीं है और वे हिंसा की राजनीति कर रहे हैं।रांका ने आगे कहा कि बच्चों की शिक्षा की स्थिति पर सरकार को ध्यान देना चाहिए। उन्होंने मदन दिलावर को निशाने पर लेते हुए कहा, आपका टाइम खत्म हो चुका है। जितनी गुंडागर्दी करनी है कर लीजिए।

मंत्री बोले- स्कूलों का माहौल खराब न करें

मदन दिलावर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि कुछ राजनीतिक दलों से जुड़े लोग स्कूलों में जाकर अनावश्यक रूप से माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि विद्यालयों में राजनीति के बजाय बच्चों की शिक्षा, संस्कार और उनके उज्ज्वल भविष्य पर ध्यान दिया जाना चाहिए।

शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों, अभिभावकों और आम लोगों से भी अपील की कि वे स्कूलों की गरिमा बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि राजनीतिक या निजी हितों के लिए शैक्षणिक संस्थानों का वातावरण खराब नहीं किया जाना चाहिए।

सीजेपी ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

विवाद के दौरान सीजेपी के कुछ कार्यकर्ताओं के घायल होने का भी दावा किया गया, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। आशुतोष रांका ने कहा कि अगर रामपुरा कंवरपुरा की घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सीजेपी बड़ा आंदोलन शुरू करेगी।