सीकर (राजस्थान)। राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में जन्मोत्सव के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंदिर के एग्जिट गेट के पास स्थित एक रेस्टोरेंट में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और रेस्टोरेंट से उठती लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं। आग के बीच रेस्टोरेंट में रखे चार गैस सिलेंडरों में जोरदार धमाके हुए, जिससे आसपास मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
घटना के समय खाटूश्याम जी के जन्मोत्सव के चलते मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे हुए थे। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में भक्तों की भारी भीड़ थी। इसी दौरान अचानक आग की लपटें उठने और सिलेंडरों के धमाके होने से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
दो दर्जन से अधिक गैस सिलेंडर रखे थे रेस्टोरेंट में
जानकारी के मुताबिक, रेस्टोरेंट में आग लगने के बाद कुछ ही देर में लपटों ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। रेस्टोरेंट के भीतर दो दर्जन से अधिक गैस सिलेंडर रखे हुए थे। आग की चपेट में आने से इनमें से चार सिलेंडरों में जोरदार धमाके हुए। धमाकों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। आग की ऊंची लपटों को देखकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय निवासी भी मौके पर पहुंच गए।
प्रतिबंध के बावजूद हुई आतिशबाजी, पटाखों से आग लगने की आशंका
खाटूश्याम जी के जन्मोत्सव को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही इलाके में आतिशबाजी पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बावजूद कथित तौर पर कुछ लोगों द्वारा पटाखे फोड़े जाने और जलते पटाखे इधर-उधर फेंके जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि आतिशबाजी की वजह से रेस्टोरेंट में आग लगी हो सकती है। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
दमकल की गाड़ियां पहुंचीं, आग बुझाने का प्रयास शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासी और व्यापारी आग बुझाने के लिए मौके पर जुट गए। वहीं, मंदिर समिति और प्रशासन की दमकल गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। जन्मोत्सव जैसे बड़े धार्मिक आयोजन के बीच मंदिर के निकास द्वार के पास हुए इस अग्निकांड ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों और घटना से हुए नुकसान के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
