बॉलीवुड के इतिहास में कई ऐसी प्रेम कहानियां रही हैं, जिनकी चर्चा आज भी होती है। इन्हीं में से एक नाम संजय दत्त और माधुरी दीक्षित का भी है। 1990 के दशक में दोनों की जोड़ी बड़े पर्दे के साथ-साथ निजी जिंदगी को लेकर भी सुर्खियों में रहती थी। उस दौर में दोनों के रिश्ते को लेकर कई तरह की चर्चाएं होती थीं, लेकिन दोनों कलाकारों ने कभी सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते या कथित ब्रेकअप पर खुलकर बात नहीं की। अब वर्षों बाद वरिष्ठ फिल्म पत्रकार ज्योति वेंकटेश ने एक इंटरव्यू के दौरान इस रिश्ते से जुड़े कुछ दावे किए हैं।
'खलनायक' की शूटिंग के दौरान बढ़ीं थीं नजदीकियां
वरिष्ठ फिल्म पत्रकार ज्योति वेंकटेश ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में दावा किया कि फिल्म 'खलनायक' की शूटिंग के दौरान संजय दत्त और माधुरी दीक्षित एक-दूसरे के काफी करीब आ गए थे। उस समय दोनों लगातार साथ काम कर रहे थे और इसी दौरान उनके रिश्ते की चर्चाएं भी फिल्म इंडस्ट्री में तेज हो गई थीं।
पत्रकार के अनुसार, उस दौर में दोनों को बॉलीवुड के सबसे चर्चित और पसंदीदा कपल्स में गिना जाने लगा था। हालांकि दोनों ने कभी भी सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते की पुष्टि नहीं की।
मैसूर शूटिंग का पुराना किस्सा भी किया साझा
इंटरव्यू के दौरान ज्योति वेंकटेश ने फिल्म 'खलनायक' की आउटडोर शूटिंग से जुड़ा एक पुराना अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि मैसूर में शूटिंग के दौरान लोकेशन पर बुनियादी सुविधाओं का अभाव था और वहां शौचालय की व्यवस्था उपलब्ध नहीं थी।
उन्होंने दावा किया कि एक अवसर पर जब माधुरी दीक्षित को वाशरूम जाने की आवश्यकता हुई तो उनकी निजता बनाए रखने के लिए एक पेड़ के पीछे अस्थायी व्यवस्था की गई और चारों ओर पर्दे लगाकर उन्हें सुविधा उपलब्ध कराई गई।
पार्टी में दोनों के नहीं पहुंचने का किया दावा
फिल्म पत्रकार ने उसी दौरान आयोजित एक पार्टी का भी जिक्र किया। उनके अनुसार, शाम को आयोजित पार्टी में निर्देशक सुभाष घई और अभिनेता जैकी श्रॉफ मौजूद थे। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने संजय दत्त और माधुरी दीक्षित के आने का इंतजार करने की बात कही, तब उन्हें बताया गया कि दोनों नहीं आएंगे क्योंकि वे व्यस्त हैं।
ज्योति वेंकटेश के अनुसार, उस समय उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि दोनों कहां हैं, लेकिन उस दौर में दोनों के एक-दूसरे को डेट करने की चर्चाएं लगातार हो रही थीं। उन्होंने इस घटना को अपने इंटरव्यू में एक पुराने संस्मरण के रूप में साझा किया।
रिश्ते में मतभेद को बताया अलगाव की वजह
वरिष्ठ पत्रकार ने इंटरव्यू में यह भी दावा किया कि संजय दत्त और माधुरी दीक्षित के रिश्ते में समय के साथ विचारों का अंतर बढ़ने लगा था।
उनके अनुसार, माधुरी दीक्षित विवाह करना चाहती थीं, जबकि संजय दत्त अपनी पहली शादी के कठिन अनुभवों के बाद दोबारा शादी के लिए तैयार नहीं थे। पत्रकार का दावा है कि इसी सोच के अंतर ने दोनों के रिश्ते में धीरे-धीरे दूरी पैदा कर दी।
कानूनी मामलों का भी पड़ा असर
ज्योति वेंकटेश ने यह भी दावा किया कि उसी दौरान संजय दत्त TADA और आर्म्स एक्ट से जुड़े कानूनी मामलों में फंस गए थे। उनके अनुसार, इन कानूनी घटनाक्रमों का असर भी दोनों के रिश्ते पर पड़ा और इसके बाद माधुरी दीक्षित ने उनसे दूरी बनानी शुरू कर दी।
हालांकि, इन दावों पर संजय दत्त या माधुरी दीक्षित की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
दोनों कलाकारों ने कभी नहीं की सार्वजनिक टिप्पणी
संजय दत्त और माधुरी दीक्षित के कथित रिश्ते को लेकर वर्षों से कई तरह की चर्चाएं होती रही हैं, लेकिन दोनों कलाकारों ने कभी भी सार्वजनिक मंच पर अपने रिश्ते या कथित ब्रेकअप के कारणों पर खुलकर कोई बयान नहीं दिया। यही वजह है कि उनके रिश्ते से जुड़ी अधिकांश बातें मीडिया रिपोर्टों, चर्चाओं और विभिन्न दावों तक ही सीमित रही हैं।
