Uber Driverआज के दौर में जहां बड़ी कंपनी की नौकरी, मोटी सैलरी और कॉर्पोरेट लाइफ को सफलता का प्रतीक माना जाता है, वहीं हैदराबाद के एक शख्स ने अपनी जिंदगी के लिए बिल्कुल अलग रास्ता चुना। जिस नौकरी को पाने का सपना लाखों लोग देखते हैं, उसे छोड़कर उन्होंने अपने जुनून को करियर बना लिया। अमेजन जैसी प्रतिष्ठित कंपनी में काम करने के बावजूद उन्हें वह संतुष्टि नहीं मिल रही थी, जिसकी तलाश थी। आखिरकार उन्होंने समाज की तय की हुई सफलता के बजाय अपनी खुशी को चुना और ड्राइविंग को ही अपना पेशा बना लिया। अब उनकी कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग उनकी सोच की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि हर किसी में इतनी हिम्मत नहीं होती कि वह सुरक्षित करियर छोड़कर अपने दिल की सुने।



वीडियो से सामने आई दिलचस्प कहानी

यह कहानी तब चर्चा में आई जब कंटेंट क्रिएटर चेतन सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में उन्होंने एक कैब ड्राइवर कुमार से बातचीत की, जिसने अपनी नौकरी छोड़ने और ड्राइविंग चुनने की वजह बताई। वीडियो के कैप्शन में लिखा गया कि ऐसे समय में जब ज्यादातर लोग समाज और जिम्मेदारियों के दबाव में अपने सपनों को पीछे छोड़ देते हैं, किसी व्यक्ति को अपनी खुशी चुनते देखना प्रेरणादायक है।


'ड्राइविंग मेरा पैशन है'

बातचीत के दौरान कुमार ने बताया कि उन्होंने अमेजन की नौकरी इसलिए छोड़ी क्योंकि उन्हें ड्राइविंग पसंद है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग लोगों से मिलना, उनकी कहानियां सुनना और नए अनुभव हासिल करना उन्हें बेहद अच्छा लगता है। कुमार के मुताबिक, ड्राइविंग सिर्फ उनकी रोजी-रोटी नहीं बल्कि उनका जुनून है।


विडियो देखने के लिए नीचे किलिक करे

वीडियो


हैदराबाद को करीब से जानने का मिला मौका

कुमार ने बताया कि इस काम की वजह से उन्हें अपने शहर हैदराबाद को करीब से जानने और समझने का अवसर मिला है। उनका मानना है कि एक डेस्क जॉब उन्हें कभी यह अनुभव नहीं दे सकती थी। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों पर घूमते हुए लोगों से बातचीत करना और नई-नई जगहों को देखना उन्हें खुशी देता है।


23,600 से ज्यादा ट्रिप कर चुके हैं पूरी

कुमार ने बताया कि वह साल 2014 में उबर से जुड़े थे, जब कंपनी ने हैदराबाद में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। तब से लेकर अब तक वह 23,600 से ज्यादा ट्रिप पूरी कर चुके हैं। इतनी बड़ी संख्या में राइड पूरी करने के बाद भी उनका उत्साह कम नहीं हुआ है। उनका कहना है कि आज भी उन्हें यात्रियों से बातचीत करना और शहर में घूमना उतना ही पसंद है, जितना शुरुआत में था।


सोशल मीडिया पर मिली खूब सराहना

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने कुमार की सोच की जमकर तारीफ की। कई लोगों ने कहा कि उन्होंने समाज की अपेक्षाओं के बजाय अपने मन की सुनी और वही किया जिससे उन्हें खुशी मिलती है। कुछ यूजर्स ने उन्हें कंटेंट क्रिएशन शुरू करने की सलाह भी दी ताकि उनकी प्रेरणादायक कहानी ज्यादा लोगों तक पहुंच सके।

हालांकि कुछ लोगों ने इस मुद्दे पर अलग नजरिया भी रखा। एक यूजर ने लिखा कि समाज अक्सर लोगों को उनकी नौकरी के आधार पर सम्मान देता है, जबकि सम्मान हर व्यक्ति को उसके काम की परवाह किए बिना मिलना चाहिए। वहीं एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में टिप्पणी की कि अब समझ आया कि AWS डाउन क्यों होता है, क्योंकि इंजीनियर सर्वर चलाने के बजाय कैब चला रहे हैं।


लोगों को प्रेरित कर रही है कहानी

फिलहाल कुमार की कहानी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। कई लोग इसे इस बात का उदाहरण बता रहे हैं कि जिंदगी में सिर्फ पैसे कमाना ही सब कुछ नहीं होता। अगर किसी व्यक्ति को अपने काम से खुशी और संतुष्टि मिल रही है, तो वही उसके लिए असली सफलता हो सकती है।