मुंबई: एक्ट्रेस निकिता रावल के साथ एक इवेंट के दौरान ऐसा वाकया हुआ, जिसने उन्हें ही नहीं बल्कि वहां मौजूद लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स को भी हैरान कर दिया। रेड कार्पेट पर एक महिला फैन निकिता के साथ सेल्फी लेने पहुंची थी। निकिता ने भी खुशी से उसके साथ तस्वीर खिंचवाई और कैमरे के सामने मुस्कुराते हुए पोज दिया। लेकिन अगले ही पल फैन ने अचानक निकिता को अपनी ओर खींचकर उनके होंठों पर किस कर दिया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पहले सेल्फी के लिए पहुंची महिला फैन, फिर किया गाल पर किस
8 अगस्त को निकिता रावल एक इवेंट के रेड कार्पेट पर पैपराजी के लिए पोज दे रही थीं। इसी दौरान एक महिला फैन उनके पास पहुंची और उनके साथ सेल्फी लेने की इच्छा जताई। निकिता ने बिना किसी आपत्ति के फैन के साथ तस्वीर खिंचवाई। दोनों कैमरे के सामने मुस्कुराते हुए पोज दे ही रही थीं कि महिला फैन ने अचानक निकिता के गाल पर किस कर दिया। इस पर भी निकिता ने ज्यादा प्रतिक्रिया नहीं दी और कैमरे के सामने मौजूद रहीं।
अचानक Lip Kiss से हैरान हुईं निकिता, खुद को किया दूर
इसके तुरंत बाद महिला फैन ने निकिता को अपनी ओर खींच लिया और अचानक उनके होंठों पर किस कर दिया। घटना इतनी अचानक हुई कि निकिता कुछ पल के लिए हैरान रह गईं। वायरल वीडियो में एक्ट्रेस इस हरकत के बाद असहज दिखाई देती हैं। वह तुरंत अपने होंठों पर हाथ रखती हैं और महिला फैन को खुद से दूर करने की कोशिश करती नजर आती हैं। इसके बाद महिला ने एक बार फिर निकिता के गाल पर किस किया और वहां से चली गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
कौन हैं निकिता रावल?
निकिता रावल बॉलीवुड के साथ-साथ दक्षिण भारतीय सिनेमा में भी काम कर चुकी हैं। उन्होंने अपने करियर में कई फिल्मों में अभिनय किया है। वह ब्लैक एंड व्हाइट में अनिल कपूर और शेफाली शाह के साथ नजर आ चुकी हैं। इसके अलावा निकिता मिस्टर हॉट मिस्टर कूल, द हीरो- अभिमन्यु, अम्मा की बोली, गरम मसाला और क्यूट कमीना जैसी फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं। इवेंट का यह वीडियो सामने आने के बाद निकिता रावल एक बार फिर चर्चा में हैं।

