यूपी विधानसभा के बाहर सपा का प्रदर्शन | Source: AajTak

यूपी विधानसभा के बाहर सपा का प्रदर्शन. Source : AajTak

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायकों ने विधानसभा परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। राम मंदिर चंदा विवाद, नीट पेपर लीक, आरक्षण, जंतर-मंतर लाठीचार्ज और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सपा नेताओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कई विधायक हाथों में पोस्टर, बैनर और दान पेटी लेकर विधानसभा पहुंचे। वहीं, योगी सरकार की ओर से वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सरकार विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने और सदन में सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है।

दान पेटी और पोस्टर लेकर सरकार पर साधा निशाना

विधानसभा परिसर में सपा विधायकों ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान राम मंदिर चंदा विवाद, नीट परीक्षा, आरक्षण और जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई कार्रवाई जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। कई विधायक प्रतीकात्मक दान पेटी लेकर पहुंचे और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। सपा विधायक अतुल प्रधान ने कहा कि चंदा विवाद में केवल छोटे लोगों पर कार्रवाई हुई है, जबकि बड़े जिम्मेदार लोगों पर अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने अटकी हुई भर्तियों, सरकारी स्कूलों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को भी सदन में उठाने की बात कही।

सरकार बोली- हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार, कल पेश होगा अनुपूरक बजट

विपक्ष के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सरकार लोकतांत्रिक तरीके से हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, इसलिए इस तरह के विरोध प्रदर्शन की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि सरकार मंगलवार को दोपहर 12:30 बजे विधानसभा में अनुपूरक बजट पेश करेगी। साथ ही उन्होंने संसद और अन्य मंचों पर सनातन धर्म को लेकर की गई टिप्पणियों की आलोचना करते हुए कहा कि किसी भी धर्म या संस्कृति का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता।

सत्र में अयोध्या, नीट और युवाओं के मुद्दे उठाएगी सपा

नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे ने कहा कि समाजवादी पार्टी इस विधानसभा सत्र में अयोध्या प्रकरण, नीट पेपर लीक, युवाओं की भर्तियों और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने भी कहा कि उनकी पार्टी विधानसभा के भीतर अयोध्या से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी। वहीं सपा विधायक आशुतोष वर्मा साइकिल पर सवार होकर विधानसभा पहुंचे और उस पर दान पेटी रखकर विरोध दर्ज कराया। दूसरी ओर विधायक नसीम सोलंकी ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का जवाब सरकार को सदन में देना होगा। वहीं सपा नेता इरफान सोलंकी ने बसपा प्रमुख मायावती को लेकर भी बयान दिया और आरोप लगाया कि उन पर राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है।