राहुल गांधी और प्रियंका गांधी। | Source: Chrome

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी।Source : Chrome

संसद के मॉनसून सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जारी प्रदर्शन के बीच मंगलवार को संसद परिसर में एक दिलचस्प घटनाक्रम देखने को मिला। बीजेपी सांसद मुकेश दलाल राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे, तभी कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वहां पहुंचीं। प्रियंका ने प्रदर्शन कर रहे सांसद से कुछ कहने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान मुकेश दलाल ने राहुल गांधी से जवाब मांगते हुए नारेबाजी जारी रखी।

संसद के मकर द्वार पर आमना-सामना

दरअसल, एनडीए सांसद मंगलवार को संसद के मकर द्वार पर प्रदर्शन कर रहे थे। उनके हाथों में पोस्टर और तख्तियां थीं। बीजेपी सांसद मुकेश दलाल भी प्रदर्शन में शामिल थे। उनकी तख्ती पर झारखंड में छात्रों के खिलाफ हुई कथित कार्रवाई को लेकर राहुल गांधी से जवाब मांगने की बात लिखी थी।इसी दौरान वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी संसद पहुंचीं। वहां मौजूद पत्रकारों ने उनसे सवाल करने की कोशिश की, लेकिन प्रियंका बिना जवाब दिए आगे बढ़ने लगीं। तभी उनकी नजर प्रदर्शन कर रहे मुकेश दलाल पर पड़ी।प्रियंका गांधी ने सांसद से बातचीत करने की कोशिश की और झारखंड में छात्रों के मुद्दे पर राहुल गांधी के रुख का जिक्र किया। बताया गया कि प्रियंका ने कहा कि राहुल गांधी झारखंड के छात्रों से मिल चुके हैं। इसके जवाब में मुकेश दलाल ने सवाल किया कि राहुल गांधी झारखंड क्यों नहीं गए।

राहुल गांधी जवाब दो' के लगे नारे

प्रियंका गांधी के सामने आते ही मुकेश दलाल ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी तेज कर दी। प्रदर्शन के दौरान वह लगातार राहुल गांधी से झारखंड में छात्रों के मुद्दे पर जवाब देने की मांग करते नजर आए।यह पूरा घटनाक्रम संसद के मकर द्वार पर कुछ देर तक चर्चा का विषय बना रहा। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जारी राजनीतिक खींचतान के बीच दोनों नेताओं का यह आमना-सामना कैमरों में भी दर्ज हुआ।

झारखंड के छात्रों का मुद्दा बना सियासी हथियार

संसद के मौजूदा मॉनसून सत्र में विपक्ष और सरकार के बीच कई मुद्दों पर टकराव देखने को मिल रहा है। इससे पहले विपक्ष केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली में छात्रों के खिलाफ हुई कथित पुलिस कार्रवाई पर जवाब की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहा था।अब सत्ता पक्ष ने झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन और उनके खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्ष पर निशाना साधना शुरू किया है। झारखंड में जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन की सरकार है। भर्ती परीक्षा से जुड़े विवाद को लेकर छात्रों के आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई का मामला राजनीतिक मुद्दा बन गया है।

राहुल गांधी ने भी जताया था विरोध

वहीं, राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग को गलत बताया था। उन्होंने कहा था कि छात्रों को शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का अधिकार है और किसी भी विवाद का समाधान बातचीत के जरिए किया जाना चाहिए।राहुल गांधी ने झारखंड सरकार से छात्रों की बात सुनने और उनकी समस्याओं का समाधान करने की अपील भी की थी।ऐसे में संसद परिसर में बीजेपी सांसद की ओर से राहुल गांधी से जवाब मांगने और प्रियंका गांधी के वहां पहुंचने के बाद हुआ यह छोटा-सा संवाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच चल रही राजनीतिक तनातनी का एक और उदाहरण बन गया।