मुंबई:
बॉलीवुड के 'सुल्तान' यानी सलमान खान आज जिस मुकाम पर हैं, वहां पहुंचने के बाद भी उनका अपनी जड़ों और परिवार के प्रति समर्पण जगजाहिर है। हाल ही में 'वैरायटी इंडिया' को दिए एक बेहद खास और विस्तृत इंटरव्यू में सलमान खान ने अपने जीवन, करियर और अपने पिता, दिग्गज पटकथा लेखक (Screenwriter) सलीम खान के साथ अपने संबंधों पर खुलकर बात की।
सलमान खान ने साफ शब्दों में कहा कि उनके जीवन के जितने भी बड़े और महत्वपूर्ण फैसले होते हैं, उनमें उनके पिता की मर्जी और सलाह सबसे ऊपर होती है। सलमान ने कहा, "वो जो कहते हैं, मैं वही करता हूं। मैंने अपनी पूरी जिंदगी में कभी कोई स्क्रिप्ट नहीं पढ़ी, मैं हमेशा लेखकों या निर्देशकों से कहानी सुनता हूं और बड़े फैसलों के लिए पूरी तरह अपने पिता सलीम खान पर निर्भर रहता हूं।"
इंटरव्यू के दौरान सलमान खान ने अपने शुरुआती दिनों का एक बेहद भावुक और दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि फिल्मों में आने के बाद उन्होंने जो पहली सबसे महंगी चीज खरीदी थी, वह खुद के लिए नहीं बल्कि अपने पिता के लिए थी।
पैसे कम थे, फिर भी लिया लोन: सलमान ने बताया, "मैंने अपने पिता के लिए एक रोलेक्स (Rolelex) घड़ी पसंद की थी। उस समय उसकी कीमत लगभग 9 लाख रुपये थी। लेकिन मेरे पास केवल 4 लाख रुपये ही थे। मुझे वह घड़ी पापा को देनी ही थी, इसलिए मैंने बाकी के 5 लाख रुपये लोन (उधार) लिए और घड़ी खरीद ली।"
सलीम खान की डांट – 'खुद को कहीं का राजा समझते हो?': जब सलमान ने यह घड़ी अपने पिता को सौंपी, तो सलीम खान खुश होने के बजाय उन पर भड़क गए थे। सलमान ने हंसते हुए याद किया, "पापा ने मुझे डांटते हुए कहा था कि तुमने अभी ठीक से काम करना भी शुरू नहीं किया है और ये सब फिजूलखर्ची करने लगे हो? क्या तुम खुद को सुल्तान ऑफ ब्रुनेई (राजा) समझते हो?" हालांकि, बाद में सलीम खान ने उसे 'ज्वेलरी का एक खूबसूरत पीस' कहा और जब सलमान ने सालों बाद दोबारा घड़ियां पहनना शुरू किया, तो पिता ने वही घड़ी वापस सलमान को सौंप दी।
फैंस के बीच अक्सर चर्चा रहती है कि सलमान खान के पास महंगी और लग्जरी घड़ियों का बहुत बड़ा कलेक्शन है। सलमान ने इस इंटरव्यू में इस राज से भी पर्दा उठा दिया।
"मैंने अपनी जिंदगी के पिछले 26-28 सालों से घड़ियां पहनना लगभग छोड़ दिया था। आज भी अगर आप मुझे किसी इवेंट या शो में अलग-अलग घड़ियां पहने देखते हैं, तो वो मेरी नहीं होतीं। मैं अक्सर अपने दोस्तों से मांगकर घड़ियां पहनता हूं और बाद में उन्हें लौटा देता हूं। मेरे पास खुद की सिर्फ वही एक रोलेक्स घड़ी है जो मैंने पापा को दी थी।"
अगर सलमान खान के करियर और पारिवारिक पृष्ठभूमि पर नजर डालें, तो सलीम खान का प्रभाव उनके जीवन में मार्गदर्शक (Mentor) की तरह रहा है। फिल्म समीक्षकों और पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, सलीम खान केवल एक पिता नहीं बल्कि सलमान के सबसे बड़े 'क्रिटिक' और गाइड हैं।
इसी इंटरव्यू का एक और हिस्सा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सलमान बदलते सिनेमा और समाज पर बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "अगर आपको कोई चीज सच में पसंद है, तो आपको आगे बढ़कर उसे करना चाहिए। लेकिन आज के दौर में आपका नैतिक , भावनात्मक और अब... राजनीतिक रूप से भी करेक्ट होना जरूरी है।" सलमान के इस बयान को फैंस हालिया ब्लॉकबस्टर फिल्मों और बॉलीवुड के बदलते मिजाज से जोड़कर देख रहे हैं।
