
Dm कुंदन कुमार
पटना, 4 सितंबर 2026। जिले से होकर गुजरने वाली नदियों के बढ़ते जलस्तर के बीच बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी कुंदन कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी और राहत कार्य में जुटे हैं।
निचले और जलजमाव वाले क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत शिविरों तक पहुंचाया जा रहा है। शिविरों में प्रभावित परिवारों के लिए सामुदायिक रसोई के जरिए भोजन, चिकित्सा एवं जरूरी दवाएं, स्वच्छ पेयजल और शौचालय समेत आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशासन ने पशुओं के लिए भी चारा, शेड और चिकित्सा सुविधा की व्यवस्था की है।
कई अंचलों में राहत शिविर और सामुदायिक रसोई
जिले के बाढ़ अंचल, दानापुर, पाटलिपुत्र, अथमलगोला और बख्तियारपुर समेत मोकामा अंचल में राहत शिविर एवं सामुदायिक रसोई संचालित किए जा रहे हैं। इनमें मध्य विद्यालय कचहरी बाढ़, बलदेवा हाई स्कूल दानापुर, मीनार घाट एवं बिंद टोली, उच्च माध्यमिक विद्यालय सबनीमा, मध्य विद्यालय घोषवरी और सिंचाई भवन बख्तियारपुर शामिल हैं।
मोकामा अंचल में पंचायती राज कार्यालय नया कसहा, बिसहरी स्थान शिवनगर, भोला स्थान पुरानी कसहा, किसान भवन डुमरा जंजीरा, सामुदायिक भवन सीतारामपुर, विजयगढ़ और प्रखंड परिसर शिवनार में भी राहत शिविर व सामुदायिक रसोई चल रही है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इन केंद्रों पर मानक के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा और अन्य जरूरी सुविधाओं में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए।
72 नावें मुफ्त, SDRF की 14 बोट से मदद
बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और आवागमन की सुविधा के लिए जिले में जरूरत के अनुसार 72 नावों का निःशुल्क संचालन किया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों की जरूरत के हिसाब से नावों की उपलब्धता बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।
वहीं, एसडीआरएफ की टीम 14 बोट के साथ प्रभावित इलाकों में लोगों की सहायता और बचाव कार्य में लगी है।
कई स्थानों पर तटबंधों की मरम्मत जारी
बाढ़ के पानी के ओवरफ्लो और सीपेज से प्रभावित तटबंधों एवं सड़कों को दुरुस्त करने का काम भी जारी है। पुनपुन बाढ़ सुरक्षा प्रमंडल, अनीसाबाद के अंतर्गत पालीगंज में ओवरफ्लो से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत की तैयारी पूरी कर ली गई है। जलस्तर घटने के बाद मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा।
पुनपुन बाढ़ सुरक्षा प्रमंडल, पटना सिटी के अंतर्गत दरधा नदी पर धनरुआ प्रखंड के सीताचक, वीर पंचायत और देवदाहा पंचायत में ओवरफ्लो एवं सीपेज से प्रभावित तटबंधों की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कराया जा रहा है।
इसके अलावा महतमाइन नदी पर धनरुआ प्रखंड के कसमीरिया और बांकीपुर मुरायना तथा पुनपुन नदी पर लखनपुर, फतेहपुर, अलबख्शपुर और काली में भी तटबंधों की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य चल रहा है।
जिला प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकता के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने आम लोगों से बाढ़ के दौरान सावधानी बरतने और अफवाहों से बचने की अपील की है। उन्होंने लोगों से घबराने की बजाय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा है और भरोसा दिलाया है कि जिला प्रशासन प्रभावित लोगों की मदद के लिए तैयार है।
