
Source: Pinterest
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीजेपी ने संगठन को मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। इसी सिलसिले में रविवार को लखनऊ के प्रेरणा स्थल पर शक्ति केंद्र संयोजकों का सम्मेलन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने राम मंदिर, हिंदुत्व और उत्तर प्रदेश के विकास जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी, साथ ही विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। नितिन नवीन ने कहा कि राम मंदिर मामले पर कुछ लोग चर्चा कर रहे हैं। ये वही लोग हैं, जिन्होंने प्रभु राम के होने पर सवाल उठाया था। रामेश्वरम पर सवाल खड़े किए।उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले की जांच करा रही है। अगर कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। जहां सुधार की जरूरत होगी, वहां सुधार भी किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा के मैं स्पष्ट कहना चाहता हूं राहुल गांधी से, अखिलेश यादव से और केजरीवाल से कि हिंदू कमजोर नहीं है। कभी भ्रमित नहीं होगा।
हिंदू समाज भ्रमित नहीं होगा: नितिन नवीन
नितिन नवीन ने कहा कि जब भी हिंदू देवी देवताओं का अपमान होता है, तो विपक्ष के नेता चुप्पी साध लेते हैं। और उन्होंने आरोप लगाया कि तमिलनाडु में हिंदू आस्था पर विवादित बयान दिए गए, लेकिन विपक्ष ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने कहा, हमारी आस्था हिंदू धर्म की सेवा में है, जबकि इनकी राजनीति अलग रही है। अपने परिवार का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि मेरे पिताजी कारसेवक के तौर पर चले थे, दो महीना जेल में रहे। जितना हमने हिंदू धर्म के लिए किया, उतना इनका खानदान नहीं कर सकता।
माफिया राज पर नितिन नवीन का बड़ा दावा
नितिन नवीन ने कहा कि वह उत्तर प्रदेश में चुनावी अभियान की शुरुआत करने आया था । उन्होंने कहा कि सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का जोश देखकर साफ लग रहा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी फिर से सरकार बनाएगी। उनका दावा था कि पहले उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति हावी थी, लेकिन बीजेपी सरकार ने माफिया और गुंडाराज पर सख्त कार्रवाई कर हालात बदली है। उन्होंने यह भी कहा के
भाजपा ने उस उत्तर प्रदेश से माफिया राज खत्म कर दिया। तब हर जिले में एक गुंडा, एक माफिया होता था। एक समय बिचौलिए का राज चलता था। उत्तर प्रदेश को उस बदहाली से हमारी सरकार ने बाहर निकाला। पहले तो उत्तर प्रदेश और बिहार को बीमारू राज कहा जाता था। अब दोनों राज्य विकास की ओर बढ़ रहे हैं।
2027 में फिर बनेगी बीजेपी सरकार
नितिन नवीन ने कहा कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी फिर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि यह जीत सिर्फ एक और सरकार बनाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि 2029 के लोकसभा चुनाव की राह भी मजबूत करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अगर शक्ति केंद्र मजबूत रहेंगे, तो विपक्ष की कोई भी रणनीति बीजेपी की जीत को नहीं रोक सकती है।
