PAK vs WI: वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से पहले पाकिस्तान को बड़ा झटका लगा है। टीम के अनुभवी बल्लेबाज शान मसूद चोट के कारण मुकाबले से बाहर हो गए हैं।
PAK vs WI: पाकिस्तान को बड़ा झटका, वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट से बाहर हुए शान मसूदSource : NDTV.com
पाकिस्तान को वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के अनुभवी बल्लेबाज शान मसूद चोट के चलते दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं।
उंगली की चोट बनी बड़ी वजह
शान मसूद को उंगली की चोट की वजह से दूसरे टेस्ट से बाहर होना पड़ा है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी के दौरान जयडेन सील्स की एक गेंद मसूद की तर्जनी उंगली (इंडेक्स फिंगर) पर जाकर लगी थी, जिसके बाद वह काफी दर्द में दिखाई दिए थे। मसूद दूसरी पारी में काफी निचले क्रम में बल्लेबाजी करने उतरे थे और बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, मसूद का इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज में भी खेलना मुश्किल नजर आ रहा है।
पीसीबी ने दिया मेडिकल अपडेट
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने शान मसूद की चोट पर अपडेट देते हुए बताया, "पाकिस्तान के टेस्ट बल्लेबाज शान मसूद वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। त्रिनिदाद में ब्रायन लारा क्रिकेट एकेडमी में पहले टेस्ट के दौरान उनके बाएं हाथ की इंडेक्स फिंगर में चोट लग गई थी। स्कैन और नैदानिक मूल्यांकन के बाद शान का इलाज फिलहाल पाकिस्तान टीम के मेडिकल पैनल की निगरानी में चल रहा है। 19 अगस्त से लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाले पहले टेस्ट के लिए मसूद की उपलब्धता उनकी रिकवरी और क्लिनिकल प्रगति पर निर्भर करेगी।"
पहले टेस्ट में मिली थी 90 रन से हार
पाकिस्तान को पहले टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ 90 रन से हार का सामना करना पड़ा था। चौथी पारी में मिले 211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम सिर्फ 120 रन पर ऑलआउट हो गई थी। टीम के बल्लेबाज कैरेबियाई गेंदबाजों के सामने पूरी तरह संघर्ष करते नजर आए थे। पाकिस्तान के आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके थे। कप्तान बाबर आजम ने दूसरी पारी में टीम की ओर से सर्वाधिक नाबाद 58 रन बनाए थे, लेकिन उन्हें दूसरे बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टेस्ट मैच 2 अगस्त से खेला जाएगा।
