
लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर बोलते नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद।Source : Chrome
लोकसभा में पब्लिक एग्जामिनेशंस (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा के दौरान नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने NEET पेपर लीक और छात्र आंदोलन का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान छात्रों के साथ सख्ती बरती गई और परीक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े किए।
छात्र आंदोलन पर सरकार को घेरा
संसद में बोलते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस, पेलेट गन और अन्य कड़े कदम उठाए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में AK-47 के इस्तेमाल और बिजली का करंट देने जैसी घटनाओं की भी बातें सामने आईं। उनके मुताबिक, ऐसा माहौल बनाया गया मानो सरकार छात्रों से नहीं बल्कि आतंकियों से निपट रही हो।
भगत सिंह की भूख हड़ताल का किया जिक्र
अपने संबोधन में उन्होंने शहीद भगत सिंह की भूख हड़ताल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह अंग्रेजों के दौर में भगत सिंह को पानी की जगह दूध दिया जाता था, उसी तरह आज आंदोलन कर रहे छात्रों को उनकी मांगों का जवाब देने के बजाय बल प्रयोग का सामना करना पड़ा। उनका कहना था कि छात्रों को न्याय मिलने के बजाय लाठियां और आंसू गैस मिली।
आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों से मिलने की अपील
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री उन छात्रों के परिवारों से मिलें जिन्होंने कथित तौर पर परीक्षा व्यवस्था से निराश होकर आत्महत्या की, तो यह उनके लिए बड़ा संबल होगा। उन्होंने कहा कि सरकार को उन परिवारों का दर्द सुनना चाहिए और युवाओं की चिंताओं को गंभीरता से लेना चाहिए।
परीक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
उन्होंने कहा कि आज का छात्र इस सवाल से जूझ रहा है कि उसकी सफलता उसकी मेहनत तय करेगी या पेपर लीक करने वाले गिरोह। उनका कहना था कि छात्र अब पढ़ाई से ज्यादा इस डर में रहते हैं कि कहीं परीक्षा रद्द न हो जाए या फिर पेपर लीक की खबर न आ जाए।
'जब पहचान सुरक्षित है तो पेपर क्यों नहीं?'
नगीना सांसद ने सरकार से सवाल किया कि जब परीक्षा देने वाले छात्रों की पहचान आधार, बायोमेट्रिक और कई स्तर की जांच से सुरक्षित की जा सकती है, तो प्रश्नपत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित क्यों नहीं हो पा रही। उन्होंने कहा कि यदि व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है, तो बार-बार पेपर लीक की घटनाएं क्यों सामने आ रही हैं।
इन परीक्षाओं का किया जिक्र
चंद्रशेखर आजाद ने अपने भाषण में पिछले कुछ वर्षों के दौरान सामने आए कई पेपर लीक मामलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि NEET, UGC-NET, CUET, JEE, उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती, UPPCS और UPTET जैसी परीक्षाएं भी पेपर लीक विवादों में रही हैं। उनका कहना था कि जब तक परीक्षा प्रणाली पूरी तरह सुरक्षित नहीं होगी, तब तक छात्रों का भरोसा बहाल करना मुश्किल रहेगा।
