मां शायद दुनिया की इकलौती ऐसी इंसान होती है, जो बच्चे की पहली धड़कन से लेकर उसकी आखिरी परेशानी तक हर दर्द महसूस करती है. वह खुद भूखी रह सकती है, लेकिन बच्चे की प्लेट कभी खाली नहीं देख सकती. लेकिन कई बार वही बच्चे बड़े होकर अनजाने में ऐसे शब्द बोल देते हैं, जो मां के दिल में उम्रभर के लिए चुभ जाते हैं.
मां अक्सर अपने दर्द को शब्दों में नहीं कहतीं. वे चुप हो जाती हैं, मुस्कुरा देती हैं, लेकिन अंदर ही अंदर टूटने लगती हैं. यही वजह है कि कुछ बातें ऐसी होती हैं, जिन्हें मां से भूलकर भी नहीं कहना चाहिए.
“आप मेरी बात नहीं समझतीं”
जिस मां ने बच्चे के रोने से उसकी तकलीफ पहचान ली, उसे अगर यही सुनने को मिले कि वो अपने बच्चे को नहीं समझती, तो यह बात सीधे उसके दिल पर लगती है.
“दूसरों की मां आपसे बेहतर हैं”
तुलना हर रिश्ते को कमजोर करती है, लेकिन मां के लिए यह और ज्यादा दर्दनाक होती है. क्योंकि वह खुद को कभी किसी प्रतियोगिता में नहीं देखती, बस अपने बच्चे की खुशी में जीती है.
“आपको कुछ नहीं पता”
हो सकता है मां को नई टेक्नोलॉजी या आज की दुनिया की हर जानकारी न हो, लेकिन जिंदगी का अनुभव उनके पास सबसे ज्यादा होता है. उन्हें कम समझना, उनके पूरे संघर्ष को नजरअंदाज करना है.
“आपकी वजह से मेरी जिंदगी खराब हुई”
गुस्से में कही गई यह एक लाइन मां को अंदर तक तोड़ सकती है. क्योंकि जिस औरत ने अपनी नींद, अपने सपने और अपनी जिंदगी बच्चे के लिए लगा दी हो, उसके लिए यह सुनना सबसे बड़ा दर्द बन जाता है.
“अब मुझे आपकी जरूरत नहीं”
हर मां जानती है कि एक दिन बच्चे बड़े हो जाएंगे, लेकिन कोई मां यह नहीं चाहती कि उसका बच्चा उसे अपनी जिंदगी से बेकार महसूस कराए.
सच तो यह है कि मां को महंगे गिफ्ट, बड़े सरप्राइज या सोशल मीडिया पोस्ट से ज्यादा जरूरत सिर्फ अपने बच्चों के प्यार भरे दो शब्दों की होती है.
क्योंकि उम्र बढ़ने के साथ मां की सबसे बड़ी ख्वाहिश यही रह जाती है कि बच्चे उन्हें बोझ नहीं, अपना सहारा समझें.
इस Mother’s Day अगर आप अपनी मां से प्यार करते हैं, तो सिर्फ “Happy Mother’s Day” मत कहिए…
एक बार उनके पास बैठकर इतना जरूर कहिए
मां, आपके बिना मेरी दुनिया अधूरी है.
