Keralam Rain News: केरल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। इडुक्की और कोट्टायम जिलों में भूस्खलन और बाढ़ से चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई बांधों पर रेड अलर्ट जारी किया गया है।
Keralam Rain News: मूसलाधार बारिश से केरल में हाहाकार... मूझियार समेत 5 बांधों पर रेड अलर्ट, कई इलाकों में बाढ़ का खतराSource : Dainik jagaran.com
केरल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी है। राज्य के कई हिस्सों में बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। शनिवार को इडुक्की और कोट्टायम जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हुए भूस्खलन में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। लगातार बारिश को देखते हुए मूझियार, कल्लारकुट्टी, एराट्टयार, लोअर पेरियार और पोरिंगलकुथु बांधों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
इडुक्की में महिला समेत कई लोगों की मौत
इडुक्की जिला प्रशासन के अनुसार मृत महिला की पहचान सुमति के रूप में हुई है, जो अडूरमाला क्षेत्र की रहने वाली थीं। शनिवार सुबह हुए भूस्खलन का मलबा उनके घर पर आ गिरा। पड़ोसियों ने उनके पति और बेटे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दोनों घायल हो गए और उन्हें थोडुपुझा के अस्पताल में भर्ती कराया गया। नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF), फायर एंड रेस्क्यू सर्विसेज, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने लंबे तलाशी अभियान के बाद सुमति का शव बरामद किया।
कोट्टायम और वागामोन में भी गई जान
कोट्टायम जिले के पूंजार स्थित पय्यानीथोट्टम में भूस्खलन के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां के मलबे में दबे होने की आशंका है। मृतक की पहचान जॉनी के बेटे जोसेफ के रूप में हुई है। जोसेफ को मलबे से निकाल लिया गया था, लेकिन अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। वहीं इडुक्की जिले के वागामोन क्षेत्र में रिश्तेदार के घर सो रहे प्रभाकरन नायर की भी भूस्खलन में मौत हो गई। घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उनका शव बरामद किया गया।
कई इलाकों में बाढ़, सड़कें हुई बंद
Keralam Rain News: मूसलाधार बारिश से केरल में हाहाकार... मूझियार समेत 5 बांधों पर रेड अलर्ट, कई इलाकों में बाढ़ का खतराSource : Dainik jagaran.com
इडुक्की जिले के कई हिस्सों में भूस्खलन और बाढ़ की घटनाएं सामने आई हैं। उप्पुथारा में भूस्खलन की चपेट में आने से पुलिस की एक जीप क्षतिग्रस्त हो गई। पुल्लाकयार नदी के उफान पर आने से कोक्कयार का निचला क्रॉसिंग जलमग्न हो गया। आसपास के छह घरों में पानी भर गया, जिसके बाद प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। कट्टाप्पना-वझावारा मार्ग भूस्खलन के कारण बंद हो गया, जबकि वंडीपेरियार में चोट्टुपारा धारा का जलस्तर बढ़ने से नेशनल हाईवे-183 पर जलभराव हो गया। नेल्लीमाला में भी सड़क बंद होने से आवाजाही प्रभावित हुई।
बचाव अभियान लगातार जारी
भारी बारिश के चलते कोट्टायम जिले के एराट्टुपेट्टा, कांजिरापल्ली, कूट्टिकल और एरुमेली क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर बाढ़ आ गई। एराट्टुपेट्टा में रातभर में जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण नादक्कल और मुरिक्कोली समेत कई घर पानी में डूब गए। स्थानीय लोगों और राहत दलों ने घरों की ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। मणिमाला और पुल्लाकयार नदियों के उफान पर आने से कूट्टिकल और मुंडक्कयम कॉजवे पूरी तरह डूब गए, जिससे यातायात बाधित हो गया। पत्तनमथिट्टा जिले के पहाड़ी इलाकों में भी भूस्खलन हुआ और पंपा नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया।
कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट
कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्टSource : Dainik jagaran.com
मध्य केरल के अलावा कोल्लम, कोझिकोड, मलप्पुरम और पलक्कड़ जिलों में भी भारी बारिश, बाढ़ और छोटे स्तर के भूस्खलन की घटनाएं दर्ज की गई हैं। कोझिकोड के चलियम में ऊंची लहरों के बीच फंसी एक मछली पकड़ने वाली नाव से सभी मछुआरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मौसम विभाग ने पथानामथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं एर्नाकुलम, त्रिशूर और पलक्कड़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। लगातार बारिश को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी गई है, जबकि बचाव एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
