
JPSC-JSSC विवाद पर रांची में विधानसभा मार्च करते छात्र।Source : Chrome
रांची में JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर छात्रों का आंदोलन सोमवार को और तेज हो गया। झारखंड विधानसभा के घेराव के लिए बड़ी संख्या में छात्र आगे बढ़े, वहीं उन्हें रोकने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। जगन्नाथपुर मंदिर के पास तीन स्तर की बैरिकेडिंग के साथ पुलिस बल और वाटर कैनन तैनात किए गए। इसी बीच JLKM नेता देवेंद्र नाथ महतो भी प्रदर्शन के बीच विधानसभा परिसर पहुंचे। दूसरी ओर बीजेपी नेताओं ने भी मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया।
विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़े छात्र
झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र के तीसरे दिन JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर छात्रों ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया था। छात्र मार्च करते हुए विधानसभा की ओर बढ़े। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए रास्ते में कई जगह बैरिकेडिंग की थी, लेकिन कुछ जगहों पर छात्रों ने बैरिकेड पार कर आगे बढ़ने की कोशिश की।जगन्नाथपुर मंदिर के पास सुरक्षा व्यवस्था सबसे ज्यादा कड़ी नजर आई। यहां वाहनों के जरिए बैरिकेडिंग की गई थी। इसके अलावा विधानसभा की तरफ जाने वाले रास्ते पर तीन लेयर में सुरक्षा घेरा बनाया गया। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और वाटर कैनन भी मौके पर मौजूद रहे।
देवेंद्र नाथ महतो भी प्रदर्शन में पहुंचे
छात्रों के आंदोलन के बीच JLKM नेता देवेंद्र नाथ महतो भी विधानसभा परिसर पहुंचे। बताया गया कि वह एंबुलेंस से विधानसभा की ओर जा रहे थे, लेकिन जगन्नाथपुर मंदिर के पास उन्हें रोक दिया गया। इसके बाद उनके समर्थकों ने उन्हें कंधे पर उठाकर आगे पहुंचाया।देवेंद्र नाथ महतो के हाथ में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और JMM के वरिष्ठ नेता शिबू सोरेन की तस्वीर भी दिखाई दी। वह छात्रों के प्रदर्शन के बीच इसी तस्वीर के साथ नजर आए।
प्रदर्शन की ड्रोन से निगरानी
आंदोलन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम बढ़ा दिए हैं। मौके पर ड्रोन कैमरे से प्रदर्शन की निगरानी और वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जा रही है। विधानसभा के आसपास बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।
बीजेपी ने भी मुख्यमंत्री आवास के बाहर किया प्रदर्शन
इधर, JPSC विवाद को लेकर बीजेपी ने भी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में बीजेपी विधायक कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे।प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बीजेपी नेताओं और विधायकों को हिरासत में ले लिया। इसी वजह से विधानसभा की कार्यवाही के दौरान बीजेपी का कोई विधायक सदन में मौजूद नहीं रहा।
एक ही मुद्दे पर सड़क से सदन तक सियासी हलचल
JPSC-JSSC परीक्षा विवाद ने सोमवार को झारखंड की राजनीति को भी गरमा दिया। एक तरफ छात्र परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर विधानसभा घेराव के लिए सड़क पर उतरे, तो दूसरी तरफ बीजेपी विधायकों ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया।फिलहाल विधानसभा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है और प्रशासन की नजर छात्रों के आंदोलन पर बनी हुई है। छात्रों की मांग और सरकार के रुख को लेकर आने वाले दिनों में यह मुद्दा झारखंड की सियासत में और तूल पकड़ सकता है।
