आज के समय में स्किन केयर रूटीन का अहम हिस्सा बन चुके फेस मास्क का इस्तेमाल लोग चेहरे की चमक बढ़ाने और त्वचा को स्वस्थ बनाए रखने के लिए करते हैं। बाजार में कई तरह के फेस मास्क और ब्यूटी प्रोडक्ट आसानी से उपलब्ध हैं, लेकिन हर प्रोडक्ट त्वचा के लिए सुरक्षित हो, यह जरूरी नहीं है। विशेषज्ञों का कहना है कि सस्ते या नकली कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स में मौजूद हानिकारक केमिकल्स त्वचा को फायदा पहुंचाने के बजाय नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि नकली फेस मास्क का इस्तेमाल करने से त्वचा पर क्या प्रभाव पड़ सकते हैं।

Nk | Source: Pexel

Source : Pexel

स्किन में जलन और लालपन की समस्या

विशेषज्ञों के अनुसार, नकली फेस मास्क के इस्तेमाल से त्वचा पर जलन, खुजली और लालपन की शिकायत हो सकती है। कई मामलों में चेहरे पर रैशेज भी दिखाई देने लगते हैं। यदि किसी उत्पाद में मौजूद केमिकल त्वचा को सूट नहीं करता, तो स्किन बैरियर कमजोर हो सकता है और चेहरे पर सूजन जैसी समस्या भी हो सकती है।

एलर्जी और संक्रमण का बढ़ सकता है खतरा

फेक कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स में ऐसे तत्व मौजूद हो सकते हैं, जो एलर्जी रिएक्शन का कारण बनते हैं। इसके चलते त्वचा पर दाने, खुजली और संक्रमण की समस्या हो सकती है। संवेदनशील त्वचा वाले लोगों में इसका खतरा अधिक रहता है। यदि फेस मास्क लगाने के बाद जलन, चुभन, खुजली या सूजन महसूस हो, तो उसे तुरंत हटाकर जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ की सलाह लेनी चाहिए।

पील-ऑफ मास्क के अधिक इस्तेमाल से नुकसान

स्किन एक्सपर्ट्स का कहना है कि पील-ऑफ मास्क का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल भी त्वचा को नुकसान पहुंचा सकता है। हालांकि ये मास्क चेहरे की सतह से गंदगी हटाने में मदद करते हैं, लेकिन बार-बार उपयोग करने पर त्वचा रूखी हो सकती है। इसके अलावा रेडनेस, एलर्जी और छोटे-छोटे दानों की समस्या भी देखने को मिल सकती है, खासकर ड्राई स्किन वाले लोगों में।

स्किन बैरियर और पोर्स पर पड़ सकता है असर

विशेषज्ञों का मानना है कि गलत फेस मास्क या अत्यधिक ये प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल से त्वचा के पोर्स और स्किन बैरियर प्रभावित हो सकते हैं। इससे त्वचा अधिक संवेदनशील हो जाती है और चेहरा बार-बार लाल या चिड़चिड़ा महसूस हो सकता है। कुछ मामलों में छोटे-छोटे कट या माइक्रो टियर्स भी हो सकते हैं, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।

फेस मास्क चुनते समय इन बातों का रखें ध्यान

स्किन एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि फेस मास्क का चुनाव हमेशा अपनी त्वचा के प्रकार के अनुसार करना चाहिए। ड्राई और सेंसिटिव स्किन वाले लोगों के लिए हाइलूरोनिक एसिड, सेरामाइड, ग्लिसरीन और ओटमील युक्त प्रोडक्ट्स बेहतर माने जाते हैं। वहीं ऑयली और एक्ने-प्रोन स्किन वाले लोग क्ले, नियासिनामाइड और सैलिसिलिक एसिड वाले फेस मास्क चुन सकते हैं। एंटी-एजिंग लाभ के लिए विटामिन सी, पेप्टाइड्स और हाइड्रेटिंग इंग्रेडिएंट्स वाले उत्पाद उपयोगी माने जाते हैं।