दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले में इन दिनों कथित ‘बाल कतरवा’ गैंग की चर्चा से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लगातार दूसरी बार ऐसी घटना सामने आने के बाद लोगों की चिंता और बढ़ गई है। ताजा मामला बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव का है, जहां बदमाशों ने एक घर में लूटपाट करने के साथ सो रही एक नाबालिग बच्ची के बाल भी काट दिए।
8 दिन में दूसरी घटना से बढ़ी चिंता
जानकारी के मुताबिक, शिक्षक सुमन कुमार चौधरी के घर में घुसे बदमाशों ने पहले लूटपाट की और फिर घर में सो रही बच्ची के बाल काटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में डर का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल और टेक्निकल सेल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पहले भी हो चुकी है ऐसी वारदात
इससे पहले 8 जुलाई को इसी गांव में डॉ. पवन कुमार मिश्रा के घर डकैती की घटना हुई थी। आरोप है कि उस दौरान बदमाशों ने उनकी बहू को नशीला इंजेक्शन देकर लाखों रुपये के जेवर लूट लिए थे और उनके बाल भी काट दिए थे।
दोनों घटनाओं में दिखी समानता
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों घटनाएं गुरुवार रात हुईं, दोनों एक ही इलाके में हुईं और दोनों मामलों में लूटपाट के साथ महिलाओं या बच्चियों के बाल काटे गए। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि दोनों वारदातों के पीछे एक ही गिरोह हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी जांच भी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।
