पटनाstadium। दरभंगा में खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं देने की दिशा में बड़ी पहल की जा रही है। ऐतिहासिक नेहरू स्टेडियम को करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक खेल परिसर के रूप में विकसित करने की योजना है। करीब 10 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित इस परियोजना में क्रिकेट स्टेडियम के साथ कई इंडोर और आउटडोर खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

stadium

Stadium

परियोजना के तहत बनने वाले क्रिकेट स्टेडियम में डे-नाइट मुकाबलों के लिए हाईमास्ट लाइट, हाइब्रिड टर्फ पिच और आधुनिक पवेलियन की व्यवस्था प्रस्तावित है। वहीं इंडोर मल्टीपरपज हॉल में स्विमिंग पूल, बॉक्सिंग, जूडो-रेसलिंग, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, स्क्वैश और जिम जैसी सुविधाएं होंगी।

खिलाड़ियों की ट्रेनिंग और प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए परिसर में स्पोर्ट्स साइंस, बायो-मैकेनिक्स और मेडिकल सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने के लिए 100 बेड का छात्रावास, गेस्ट हाउस और डाइनिंग हॉल की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। इसके अलावा लॉन टेनिस, वॉलीबॉल, नेट प्रैक्टिस पिच और मल्टीलेवल पार्किंग जैसी सुविधाएं भी योजना में शामिल हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह दरभंगा नगर विधायक संजय सरावगी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ हुई बैठक में परियोजना की समीक्षा के बाद कहा कि इससे मिथिलांचल की खेल प्रतिभाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक संसाधन मिल सकेंगे। उन्होंने इसे दरभंगा को प्रमुख खेल केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

मुख्यमंत्री के साथ लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में हुई बैठक के दौरान प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का प्रस्तुतीकरण भी देखा गया। सरावगी ने कहा कि नई खेल सुविधाओं के विकसित होने से स्थानीय खिलाड़ियों को बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के बेहतर अवसर

मिलेंगे।