
संजय सरावगी
दरभंगा। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं दरभंगा नगर विधायक संजय सरावगी ने रविवार को बद्री नगर में पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण का प्रसारण सुना। बिहार सरकार के मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी भी इस दौरान मौजूद रहे।
कार्यक्रम के बाद सरावगी ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के करोड़ों लोगों को राष्ट्रनिर्माण से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने प्रधानमंत्री के संदेशों में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’, ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘सूर्यपथ तिरंगा’ जैसे अभियानों को महत्वपूर्ण बताया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नशामुक्त युवा ही अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को सही दिशा में लगाकर देश के विकास में योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करेंगे और प्रधानमंत्री के इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगे।
उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ का जिक्र करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने से कारीगरों, छोटे कारोबारियों, महिलाओं और स्थानीय उद्यमियों को आर्थिक मजबूती मिलेगी। इससे रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को गति मिलेगी।
सरावगी ने कहा कि ‘सूर्यपथ तिरंगा’ जैसे अभियान राष्ट्रप्रेम और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करते हैं। तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है तथा ऐसे अभियानों से समाज के विभिन्न वर्ग राष्ट्रनिर्माण की प्रक्रिया से जुड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ राजनीतिक विमर्श से अलग देश और समाज में हो रहे सकारात्मक बदलावों, स्थानीय प्रतिभाओं, नवाचार और जनहित के प्रयासों को सामने लाने का मंच है। प्रधानमंत्री के संदेशों को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने के साथ भाजपा कार्यकर्ता सामाजिक बदलाव के लिए सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।
इस अवसर पर दरभंगा पश्चिमी के जिलाध्यक्ष डॉ. आदित्य नारायण चौधरी ‘मन्ना’, भाजपा के वरिष्ठ नेता बद्री पूर्वे समेत सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
