
पैरा एथलीट
पटना। राष्ट्रीय खेल दिवस पर बिहार सरकार ने राज्य के दो पैरा एथलीट खिलाड़ियों की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि का सम्मान किया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में राष्ट्रमंडल खेल 2026 के पदक विजेता सोमन राणा और झंडू कुमार को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने पुरुष F57 शॉट पुट में स्वर्ण पदक जीतने वाले सोमन राणा को 30 लाख रुपये तथा पैरा पावरलिफ्टिंग में कांस्य पदक हासिल करने वाले झंडू कुमार को 15 लाख रुपये की सम्मान राशि का चेक सौंपा। दोनों खिलाड़ियों को अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न देकर भी सम्मानित किया गया।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा सरकार का सहयोग
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों से बातचीत कर प्रतियोगिता के अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों से बिहार का नाम देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हुआ है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, खेल सुविधाएं और जरूरी प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के खिलाड़ियों ने अलग-अलग खेलों में अपनी क्षमता साबित की है। उनकी सफलता राज्य के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। सरकार की ओर से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने की बात भी कही गई।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव लोकेश कुमार सिंह और संजय कुमार सिंह, खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्रण शंकरण, कोच गौतम सहित कई अधिकारी मौ
जूद रहे।
