
प्रेमिका हत्याकांड आरोपी प्रेमी।Source : Chrome
बिहार के भोजपुर जिले से प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने झारखंड की रहने वाली 19 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी ने शादी के दबाव से बचने के लिए युवती को मिलने के बहाने बुलाया और उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।
शादी के दबाव में रची हत्या की साजिश
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान चरपोखरी थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव निवासी सिट्टू यादव उर्फ मंजीत कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि युवती लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इससे परेशान होकर उसने उसे गांव बुलाने की योजना बनाई और मिलने के दौरान धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को गांव के बधार स्थित करहा में फेंक दिया, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे।
तकनीकी जांच से पुलिस तक पहुंचा आरोपी
घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की। इसी दौरान आरोपी को गड़हनी इलाके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार कर ली है। अब हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है।
29 जून को मिला था युवती का शव
पुलिस को 29 जून की सुबह चरपोखरी थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव के बधार से एक युवती का शव बरामद हुआ था। शव काफी हद तक सड़ चुका था, जिससे पहचान करना मुश्किल था। अगले दिन 30 जून को उसकी पहचान झारखंड के गोड्डा जिले की रहने वाली 19 वर्षीय अंजू कुमारी के रूप में हुई।
पिता ने प्रेमी पर दर्ज कराई थी FIR
युवती की पहचान होने के बाद उसके पिता गुलाबी मंडल ने चरपोखरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने सिट्टू यादव पर प्रेम संबंध के चलते बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने इसी आधार पर जांच को आगे बढ़ाया और आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी दोनों की दोस्ती
परिजनों के अनुसार, करीब दो महीने पहले अंजू कुमारी की इंस्टाग्राम के जरिए सिट्टू यादव से जान-पहचान हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। 26 जून की सुबह आरोपी के बुलावे पर अंजू बिना किसी को बताए झारखंड स्थित अपने घर से निकल गई थी। देर शाम तक उसके घर नहीं लौटने पर परिवार ने तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
तीन दिन बाद मिली हत्या की सूचना
29 जून को गोड्डा पुलिस के माध्यम से परिवार को जानकारी मिली कि अंजू का शव बिहार के आरा सदर अस्पताल में रखा गया है। सूचना मिलने पर परिजन वहां पहुंचे और शव की पहचान की। इसके बाद युवती के पिता ने आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद सिट्टू यादव ने उनकी बेटी को बुलाकर उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस अब मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
