बिहार में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून राज्य के कई और हिस्सों में प्रवेश करेगा। इसके साथ ही 20 जिलों में भारी बारिश, तेज आंधी, वज्रपात और 80 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।


अगले 4-5 दिनों में बढ़ेगा मानसून

मौसम विभाग के मुताबिक बिहार में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा जमुई और मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है। आने वाले दिनों में यह राज्य के अन्य हिस्सों में भी सक्रिय हो सकता है।


गर्मी के साथ बारिश का डबल अलर्ट

राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहा, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने गर्मी के साथ भारी बारिश और आंधी-तूफान का डबल अलर्ट जारी किया है।


80 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं

18 से 20 जून के बीच कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 60 से 70 किमी प्रति घंटा और झोंकों के साथ 80 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 20 से 24 जून के बीच भी वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है।


लोगों के लिए चेतावनी

मौसम विभाग ने कहा है कि तेज हवाओं से कच्चे मकानों, झोपड़ियों और कमजोर संरचनाओं को नुकसान पहुंच सकता है। लोगों को खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने, बिजली चमकने पर खुले स्थानों में न रहने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकालने की

सलाह दी गई है।