पश्चिम बंगाल का चर्चित शिक्षक भर्ती घोटाला एक बार फिर चर्चा में है। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने TMC के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी से पूछताछ की है। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के दौरान पैसों का लेन-देन कैसे हुआ और क्या इसमें मनी लॉन्ड्रिंग के कोई पहलू जुड़े हुए हैं। इस घोटाले को लेकर पहले भी कई बड़े नेताओं और अधिकारियों के नाम सामने आ चुके हैं। अब अभिषेक बनर्जी से पूछताछ के बाद यह मामला फिर राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है। विपक्ष इसे भ्रष्टाचार का बड़ा उदाहरण बता रहा है, जबकि टीएमसी लगातार आरोपों को राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार दे रही है। ऐसे में सभी की नजर ED की जांच और आगे सामने आने वाले तथ्यों पर टिकी हुई है।

क्या है शिक्षक भर्ती घोटाला?

पश्चिम बंगाल का शिक्षक भर्ती घोटाला राज्य में शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की नियुक्ति में कथित गड़बड़ियों से जुड़ा मामला है। आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान कई योग्य उम्मीदवारों को नजरअंदाज किया गया, जबकि पैसे लेकर कुछ लोगों को नौकरी दी गई। जांच में यह भी दावा किया गया कि मेरिट सूची में हेरफेर कर नियमों के विपरीत नियुक्तियां की गईं। मामले के सामने आने के बाद इसे लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया और कई शिकायतों के आधार पर जांच शुरू हुई। बाद में कलकत्ता हाई कोर्ट के निर्देश पर इस मामले की जांच सीबीआई और ईडी को सौंपी गई। जांच एजेंसियां भर्ती प्रक्रिया में हुई कथित अनियमितताओं के साथ-साथ पैसों के लेन-देन और मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं की भी जांच कर रही हैं।

क्यों हैं अभिषेक बनर्जी ईडी के राडार पर ?

शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच के दौरान ईडी कथित मनी ट्रेल यानी पैसों के लेन-देन की कड़ियों की जांच कर रही है। इसी सिलसिले में तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद अभिषेक बनर्जी को पूछताछ के लिए बुलाया गया। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि भर्ती प्रक्रिया में कथित तौर पर जुटाई गई रकम का इस्तेमाल कहां और कैसे किया गया। इसके लिए ईडी वित्तीय रिकॉर्ड, डिजिटल सबूतों और मामले से जुड़े अन्य आरोपियों के बयानों का विश्लेषण कर रही है। हालांकि अभिषेक बनर्जी और टीएमसी लगातार इन आरोपों को खारिज करते रहे हैं और इसे राजनीतिक उद्देश्य से की जा रही कार्रवाई बताते रहे हैं।

अब तक जांच में क्या-क्या सामने आया?

जांच एजेंसियों के अनुसार, शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच के दौरान कई अहम खुलासे हुए हैं। इस मामले में पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। ईडी का दावा है कि जांच के दौरान ऐसे सबूत मिले हैं, जो भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और अवैध पैसों के लेन-देन की ओर इशारा करते हैं। एजेंसी ने कार्रवाई करते हुए मामले से जुड़ी सैकड़ों करोड़ रुपये की संपत्तियां और बैंक खातों को भी अटैच किया है। जांच अभी जारी है और एजेंसियां इस कथित घोटाले से जुड़े सभी लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा था?

शिक्षक भर्ती घोटाले से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने भी सख्त रुख अपनाया था। अदालत ने 25,000 से अधिक शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की नियुक्तियां रद्द करने के फैसले को बरकरार रखते हुए कहा था कि भर्ती प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं और हेरफेर के आरोप सामने आए हैं। कोर्ट ने टिप्पणी की थी कि यदि चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल उठते हैं, तो ऐसी नियुक्तियों को सही नहीं ठहराया जा सकता। सुप्रीम कोर्ट की इस टिप्पणी के बाद यह मामला और अधिक चर्चाओं में आ गया और भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर बहस तेज हो गई।फिलहाल ईडी इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग और भर्ती अनियमितताओं के पहलुओं की जांच कर रही है। अभिषेक बनर्जी से पूछताछ के बाद जांच की दिशा और स्पष्ट हो सकती है। इस मामले पर पश्चिम बंगाल की राजनीति के साथ-साथ पूरे देश की नजर बनी हुई है।