सोशल मीडिया पर एक दिलचस्प वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स कनाडा की सड़कों पर ठेले पर सब्जियां बेचता नजर आ रहा है। वीडियो की खास बात यह है कि सब्जी बेचने का अंदाज बिल्कुल भारतीय है, लेकिन आवाज अंग्रेजी में लगाई जा रही है। दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई दे रहा शख्स पंजाब का रहने वाला है, जिसने विदेश में भी अपने काम करने का देसी तरीका नहीं छोड़ा।


कनाडा की सड़कों पर दिखा देसी अंदाज

वायरल वीडियो में एक व्यक्ति तीन पहियों वाले ठेले पर ताजी सब्जियां लेकर सड़क पर घूमता दिखाई देता है। उसने काले रंग की हुडी, पैंट और जूते पहन रखे हैं। ठेले पर अलग-अलग तरह की सब्जियां रखी हुई हैं और वह घंटी बजाते हुए ग्राहकों को आकर्षित करने की कोशिश करता नजर आता है।

हालांकि सबसे ज्यादा लोगों का ध्यान उसकी आवाज लगाने के अंदाज ने खींचा। वह अंग्रेजी में "Fresh Potato, Fresh Cauliflower, Fresh Tomato, Fresh Vegetables Available Here" कहते हुए सब्जियां बेचता दिखाई देता है। भारतीय मोहल्लों में अक्सर सुनाई देने वाला यह नजारा कनाडा की सड़कों पर लोगों के लिए काफी अनोखा साबित हुआ।


लोगों की नजरें ठेले पर टिक गईं

वीडियो में देखा जा सकता है कि आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकलकर उसे कौतूहल भरी नजरों से देख रहे हैं। कनाडा जैसे देशों में इस तरह ठेला लगाकर जोर-जोर से आवाज लगाते हुए सामान बेचना आम बात नहीं है। यही वजह है कि वहां मौजूद लोगों के लिए यह दृश्य काफी अलग और दिलचस्प नजर आया।

भारत में फेरीवाले और सब्जी विक्रेता अक्सर गलियों और कॉलोनियों में इसी अंदाज में घूम-घूमकर सामान बेचते हैं। ऐसे में विदेश में भारतीय स्टाइल का यह ठेला लोगों को अपनेपन का एहसास भी दिला रहा है।


वीडियो देखने के लिये नीचे क्लिक करें


सोशल मीडिया पर आए मजेदार रिएक्शन

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भी मजेदार प्रतिक्रियाएं दी हैं। एक यूजर ने लिखा, "इसे अंग्रेजी नहीं, 'आलू ले लो, टमाटर ले लो' बोलना चाहिए था, ज्यादा ग्राहक मिलते।" वहीं दूसरे यूजर ने कहा, "काम कोई छोटा या बड़ा नहीं होता, मेहनत ही सबसे बड़ी पहचान है।"

एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, "गुड जॉब भाई, जहां जाओ अपनी पहचान साथ ले जाओ।" वहीं कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि भारतीय जहां भी जाते हैं, वहां अपनी संस्कृति और काम करने का तरीका भी साथ ले जाते हैं।


इंटरनेट पर छाया वीडियो

फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग न सिर्फ इस शख्स की मेहनत की तारीफ कर रहे हैं, बल्कि उसके अनोखे अंदाज को भी पसंद कर रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि यह वीडियो दिखाता है कि मेहनत और लगन की कोई सीमा नहीं होती, चाहे देश कोई भी हो।