भारतीय खाने में अचार का खास महत्व होता है। आम, नींबू, मिर्च और मिक्स अचार तो लगभग हर घर में बनते हैं, लेकिन क्या आपने कभी भिंडी का अचार खाया है? अगर नहीं, तो अब इसे जरूर ट्राई करना चाहिए। भिंडी का यह खट्टा-तीखा अचार स्वाद में बेहद लाजवाब होता है और रोटी, पराठा, दाल-चावल या खिचड़ी के साथ खाने का मजा कई गुना बढ़ा देता है। अच्छी बात यह है कि इसे घर पर बहुत आसानी से तैयार किया जा सकता है और सही तरीके से स्टोर करने पर लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है।
भिंडी का अचार बनाने के लिए जरूरी सामग्री
200 ग्राम भिंडी
1 छोटा चम्मच अमचूर पाउडर
1/4 छोटा चम्मच मेथी पाउडर
1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1/2 छोटा चम्मच काला नमक
स्वादानुसार नमक
1 बड़ा चम्मच जीरा
1/2 छोटा चम्मच सरसों के बीज
1 बड़ा चम्मच साबुत राई की दाल
3 बड़े चम्मच सरसों का तेल
1 नींबू का रस
तलने के लिए तेल
भिंडी का अचार बनाने की आसान विधि
सबसे पहले भिंडी को अच्छी तरह धो लें और कपड़े से पोंछकर पूरी तरह सुखा लें। ध्यान रखें कि भिंडी में बिल्कुल भी नमी न रहे, क्योंकि नमी रहने से अचार जल्दी खराब हो सकता है। इसके बाद भिंडी को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।
अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें और कटे हुए भिंडी के टुकड़ों को हल्का सुनहरा होने तक तल लें। जब भिंडी अच्छी तरह फ्राई हो जाए तो उसे निकालकर टिश्यू पेपर पर रख दें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए।
इसके बाद एक कटोरे में अमचूर पाउडर, मेथी पाउडर, हल्दी पाउडर, काला नमक और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। यही मसाला अचार को खास स्वाद देगा।
अब एक नॉन-स्टिक पैन में सरसों का तेल गर्म करें। जब तेल अच्छी तरह गर्म होकर हल्का धुआं छोड़ने लगे तो गैस बंद कर दें। इसके बाद इसमें जीरा, सरसों के बीज और राई की दाल डालें। मसाले चटकने लगें तो तली हुई भिंडी डाल दें।
अब तैयार सूखे मसालों का मिश्रण इसमें मिलाएं और सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें ताकि मसाले भिंडी पर अच्छी तरह चढ़ जाएं। आखिर में नींबू का रस डालकर एक बार फिर मिला लें।
ऐसे करें स्टोर
अचार तैयार होने के बाद इसे पूरी तरह ठंडा होने दें। इसके बाद इसे साफ और सूखी कांच की बोतल या जार में भरकर रख दें। नमी और गंदगी से बचाकर रखने पर यह अचार लंबे समय तक सुरक्षित रहता है। समय-समय पर साफ और सूखे चम्मच से ही अचार निकालें।
खाने का स्वाद बढ़ा देगा यह अचार
अगर आप रोज के खाने में कुछ नया और चटपटा स्वाद शामिल करना चाहते हैं तो भिंडी का अचार एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। इसका खट्टा-तीखा स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है। एक बार इसे घर पर बनाकर देखिए, यह आपके खाने की थाली का पसंदीदा हिस्सा बन सकता है।
