अक्सर लोग हड्डियों की सेहत पर तब ध्यान देते हैं, जब शरीर में दर्द शुरू हो जाए या फ्रैक्चर जैसी समस्या सामने आए. लेकिन एक्सपर्ट्स का कहना है कि हड्डियां धीरे-धीरे कमजोर होती हैं और इसके शुरुआती संकेत आसानी से समझ नहीं आते. यही वजह है कि 30 की उम्र के बाद हड्डियों की देखभाल पर खास ध्यान देना जरूरी माना जाता है.

विशेषज्ञों के अनुसार, शरीर की हड्डियां लगातार टूटने और दोबारा बनने की प्रक्रिया से गुजरती रहती हैं. लेकिन जब टूटने की प्रक्रिया ज्यादा तेज हो जाती है और नई हड्डियां उतनी तेजी से नहीं बन पातीं, तो ऑस्टियोपेनिया जैसी स्थिति पैदा हो सकती है. समय रहते ध्यान न देने पर यह आगे चलकर ऑस्टियोपोरोसिस का रूप ले सकती है, जिसमें हड्डियां कमजोर और भुरभुरी हो जाती हैं.

क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

डॉ. राहुल मोदी के अनुसार, अगर डाइट में कैल्शियम, विटामिन-डी, पोटैशियम, मैग्नीशियम और जिंक जैसे जरूरी मिनरल्स शामिल किए जाएं, तो उम्र बढ़ने के बावजूद हड्डियों को मजबूत बनाए रखने में मदद मिल सकती है. अच्छी बात यह है कि इसके लिए महंगे या विदेशी फूड्स की जरूरत नहीं होती.

हड्डियों के लिए जरूरी न्यूट्रिएंट्स

विटामिन-डी

फॉस्फोरस

मैग्नीशियम

पोटैशियम

जिंक

आयरन

कॉपर

विटामिन-के

डाइट में शामिल करें ये चीजें

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, रोजमर्रा के खाने में कुछ चीजों को शामिल करके हड्डियों की सेहत को बेहतर बनाया जा सकता है. इनमें शामिल हैं:

दूध, दही, छाछ और लस्सी

रागी, ज्वार, बाजरा और ओट्स

तिल, अलसी के बीज

बादाम और अखरोट

अंडे का पीला भाग

ऑयली फिश

दाल, राजमा, चना और सोया

पालक, मेथी, चौलाई और अन्य पत्तेदार सब्जियां

आंवला, संतरा, अमरूद, पपीता और नींबू

धूप लेना भी है जरूरी

डॉक्टरों का कहना है कि शरीर में विटामिन-डी की कमी हड्डियों को कमजोर बना सकती है. इसके लिए रोजाना 15 से 30 मिनट धूप लेना फायदेमंद माना जाता है, ताकि शरीर प्राकृतिक रूप से विटामिन-डी बना सके.

कैसी हो Bone Healthy Diet?

कैल्शियम और मिनरल्स से भरपूर डाइट

ब्रेकफास्ट और डिनर में दही, दूध या छाछ शामिल करें. चावल और मैदे की जगह रागी से बनी चीजें खाना बेहतर माना जाता है.

प्रोटीन भी है जरूरी

हड्डियों की मजबूती के लिए प्रोटीन अहम भूमिका निभाता है. दाल, पनीर, अंडे, सोया और मछली जैसे फूड्स को डाइट में शामिल किया जा सकता है.

थाली रखें रंग-बिरंगी

रोजाना 2 से 3 कप सब्जियां और कम से कम 2 फल खाने की सलाह दी जाती है. खासकर विटामिन-सी वाले फल शरीर में आयरन और जिंक के अवशोषण में मदद करते हैं.

किन चीजों से बचना चाहिए?

एक्सपर्ट्स ज्यादा नमक, अचार और शुगरी फूड्स कम खाने की सलाह देते हैं, क्योंकि ये शरीर में कैल्शियम की कमी बढ़ा सकते हैं और हड्डियों को कमजोर बना सकते हैं.

समय-समय पर कराएं जांच

डॉक्टरों के अनुसार, 30 की उम्र के बाद समय-समय पर बोन डेंसिटी टेस्ट करवाना फायदेमंद हो सकता है, ताकि हड्डियों से जुड़ी समस्याओं का समय रहते पता लगाया जा सके.

Disclaimer:

यह खबर सामान्य जानकारी पर आधारित है. किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या या सप्लीमेंट लेने से पहले डॉक्टर या विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें.