Bihar News: सीतामढ़ी-शिवहर-मोतिहारी नए रेलखंड पर शिवहर में बागमती नदी पर हाई लेबल ब्रिज का निर्माण होगा यह पुल करीब 61 मीटर लंबा और करीब नौ मीटर चौड़ा होगा, यानी दो ट्रैक के लिए इसका निर्माण कराया जाएगा। रेलवे पुल के निर्माण पर लगभग 70 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इसको लेकर पूमरे ने वर्क ऑर्डर जारी किया है।

बागमती पर रेल पुल का निर्माण उत्तर बिहार के तीन जिलों के लिए लंबे समय से इच्छा और ज़रूरत रही है। इससे केवल कनेक्टिविटी सुधरेगी बल्कि क्षेत्र का सामाजिक-आर्थिक स्वरूप भी बदल सकता है.

इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य पूर्वी चंपारण, शिवहर और सीतामढ़ी जिलों को सीधे रेल नेटवर्क से जोड़ना है. पहले चरण में सीतामढ़ी से शिवहर तक लगभग 28 किलोमीटर और दूसरे चरण में शिवहर से मोतिहारी तक करीब 51 किलोमीटर नई रेल लाइन बिछाई जानी है. इस पूरे रेलखंड पर कई छोटे-बड़े पुल, पुलिया और नए स्टेशन प्रस्तावित हैं.

शिवहर स्टेशन से मीनापुर प्रखंड की 5 लाख से अधिक आबादी लाभान्वित होगी। मीनापुर प्रखंड की सिवाईपट्टी, तुर्की, बेलहिया लच्छी, चतुरसी, बनघारा आदि पंचायत के लोग सीधे तौर पर इससे जुड़े होंगे। दिल्ली की एक कंपनी ने मोतिहारी से शिवहर (51 किमी) तक का जियो-टेक्निकल सर्वे पूरा किया है। 

भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज की गई है। परियोजना की अनुमानित लागत 926 करोड़ रुपये है। भूमि अधिग्रहण पर अब तक 50 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।