Patna Crime: पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र के लालबाग इलाके में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई. घर में घुसे एक हमलावर ने धारदार हथियार से दंपती पर हमला कर दिया. इस हमले में पति नवाज आलम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी नाजिया परवीन गंभीर रूप से घायल हो गईं.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
घर में घुसकर किया हमला
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी पहले से योजना बनाकर घर में दाखिल हुआ था. बताया जा रहा है कि वह मोबाइल चोरी करने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान दंपती ने उसका विरोध किया, जिसके बाद आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया.
घटनास्थल पर फैला था खून
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घर के नीचे से ऊपर तक कई जगह खून बिखरा हुआ मिला. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके.
पुलिस कर रही है जांच
मौके पर पहुंचे एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में मोबाइल छीनने के दौरान वारदात होने की बात सामने आई है. हालांकि, पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.
मॉल में काम करते थे नवाज आलम
जानकारी के अनुसार, मृतक नवाज आलम एक मॉल में सेल्समैन के तौर पर काम करते थे. पुलिस को उनके गले पर गहरे कट के निशान मिले हैं. फिलहाल पुलिस हमले के पीछे की असली वजह पता लगाने की कोशिश कर रही है.
