उफ़क साहिल

पुरानी दिल्ली के तुर्कमान गेट क्षेत्र में 6–7 जनवरी की रात उस समय स्थिति बिगड़ गई, जब नगर निगम की टीम फैज-ए-इलाही दरगाह के पास अतिक्रमण हटाने पहुंची। कार्रवाई शुरू होते ही कुछ लोगों ने विरोध किया, जो थोड़ी देर में हिंसा में बदल गया।

हंगामे के दौरान भीड़ ने पुलिस पर पत्थरबाजी की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। हालात संभालने के लिए पुलिस को अतिरिक्त जवान बुलाने पड़े और पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई।

घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज किया है और अब तक 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि बॉडी कैम में रिकॉर्ड हुए वीडियो से आरोपियों की पहचान की गई है। अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।

फिलहाल तुर्कमान गेट इलाके में शांति है, लेकिन पुलिस पूरी तरह सतर्क बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और किसी भी तरह की अफवाहों पर भरोसा न करने की अपील की है।