
पटना नगर निगम
पटना, 3 सितंबर। हार्डिंग रोड पर सड़क और फुटपाथ के किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ पटना नगर निगम ने सघन अभियान चलाया। सप्तमूर्ति से चितकोहरा तक चले इस अभियान में अवैध दुकानें और अस्थायी संरचनाएं हटाई गईं। कार्रवाई के दौरान सड़क, फुटपाथ, गोलंबर और डिवाइडर की रेलिंग समेत सार्वजनिक जगहों पर किए गए कब्जे को हटाया गया।
नूतन राजधानी अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी अजीत कुमार की निगरानी में निगम की टास्क फोर्स ने कार्रवाई की। नियमों का उल्लंघन करने वाले 18 लोगों से कुल 10,300 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा 3 ठेले, बांस और अन्य अतिक्रमण सामग्री जब्त की गई।
अभियान में अतिक्रमण हटाने के लिए एक जेसीबी और दो मिनी हाइवा लगाए गए थे। निगम की टास्क फोर्स के 20 कर्मियों ने मौके पर कार्रवाई की, जबकि 10 पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में अभियान शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हुआ।
सड़क और फुटपाथ पर कब्जे के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सड़क, फुटपाथ, डिवाइडर, गोलंबर और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कब्जा कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ औचक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
अभियान के दौरान नूतन राजधानी अंचल के नगर प्रबंधक, स्वच्छता पदाधिकारी, राजस्व पदाधिकारी, मुख्य सफाई निरीक्षक समेत निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
