Patna Iscon Temple

Patna Iscon Temple


पटना। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और शहर में होने वाले कृष्ण महोत्सव को लेकर पटना नगर निगम ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष तैयारियां की हैं। प्रमुख आयोजन स्थलों और मंदिरों के आसपास सामान्य सफाई के अलावा फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव, चूना-ब्लीचिंग और कचरा उठाव की व्यवस्था बढ़ाई गई है। बारिश की स्थिति में जलजमाव से निपटने के लिए भी संसाधन और अतिरिक्त मानवबल तैनात किए गए हैं।


इस्कॉन मंदिर के आसपास डीप क्लीनिंग

जन्माष्टमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए गुरुवार सुबह इस्कॉन मंदिर के आसपास विशेष डीप क्लीनिंग कराई गई। मंदिर और सड़क किनारे के इलाकों से कचरा हटाने के साथ चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया।

इस अभियान में 12 सफाईकर्मियों, दो बॉबकैट और एक टिपर को लगाया गया। मच्छरों से बचाव के लिए एंटी-लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग भी कराई गई है। यह व्यवस्था दोनों पालियों में जारी रहेगी।

शुक्रवार को जन्माष्टमी के दिन मंदिर के पास दो निगम नीर की व्यवस्था रहेगी। पूरे दिन सफाई बनाए रखने के लिए दोनों पालियों में 15-15 सफाईकर्मियों की तैनाती होगी, जो आयोजन के दौरान लगातार सफाई और निगरानी करेंगे।


मिलर स्कूल में तीन पालियों में सफाईकर्मी तैनात

मिलर स्कूल परिसर में चल रहे तीन दिवसीय कृष्ण महोत्सव को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। भीड़ को देखते हुए यहां तीन पालियों में सफाईकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सुबह की पाली में 10, दोपहर में 6 और रात की पाली में 10 सफाईकर्मी तैनात रहेंगे।

आयोजन स्थल से कचरे का तत्काल उठाव सुनिश्चित किया जा रहा है। बारिश होने पर जलजमाव की स्थिति से निपटने के लिए सुपर सकर मशीनें तैनात की गई हैं। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल उपलब्ध कराने को दो वाटर टैंकर भी लगाए गए हैं।

मिलर स्कूल परिसर में मच्छर नियंत्रण के लिए दोनों पालियों में फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव कराया जा रहा है। परिसर और आसपास चूना-ब्लीचिंग का छिड़काव करने के साथ पर्याप्त संख्या में डस्टबिन भी रखे गए हैं।

नगर निगम की टीमें जन्माष्टमी और कृष्ण महोत्सव के दौरान सफाई, कचरा उठाव, फॉगिंग और अन्य व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करेंगी, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण मिल सके।