नई दिल्ली। महज 15 साल की उम्र में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में सनसनी मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी के प्रशंसकों की सूची लगातार बढ़ रही है। उनकी प्रतिभा के मुरीद कांग्रेस सांसद शशि थरूर भी हो गए हैं। हालांकि, युवा बल्लेबाज की तारीफ करते हुए थरूर ने उनके भविष्य को लेकर एक अहम चिंता भी जाहिर की है। उन्हें उम्मीद है कि वैभव का करियर विनोद कांबली और पृथ्वी शॉ जैसा नहीं होगा, बल्कि वह सचिन तेंदुलकर की तरह लंबी और शानदार पारी खेलेंगे।
वैभव सूर्यवंशी ने एसीसी मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स में यूएई के खिलाफ महज 52 गेंदों में 204 रन ठोककर क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा था। उनकी इस ऐतिहासिक पारी में 28 छक्के और सात चौके शामिल थे। इतनी कम उम्र में इस तरह की आक्रामक बल्लेबाजी ने खेल प्रेमियों को हैरान कर दिया। उनकी इसी प्रतिभा की शशि थरूर ने भी जमकर सराहना की है।
एक समाचार एजेंसी से बातचीत में थरूर ने बताया कि वैभव के बारे में पहली बार सुनने के बाद से ही वह उनके प्रशंसक बन गए थे। उन्होंने इस युवा खिलाड़ी के खेल के प्रति निडर रवैये, शानदार टाइमिंग और तेज गेंदबाजों के खिलाफ बड़े शॉट लगाने की क्षमता को असाधारण बताया। थरूर ने कहा कि एक ही पारी में 28 छक्के लगाना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।
थरूर ने वैभव के अंडर-19 विश्व कप फाइनल में किए गए प्रदर्शन को भी याद किया। उस मुकाबले में वैभव ने 175 रनों की शानदार पारी खेलकर भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उनके मुताबिक, इतनी कम उम्र में लगातार बड़े मंच पर शानदार प्रदर्शन करना उनकी प्रतिभा का प्रमाण है।
अब वैभव के खेल पर रहेगी थरूर की नजर
राजस्थान रॉयल्स के प्रति अपनी दिलचस्पी जाहिर करते हुए शशि थरूर ने कहा कि पहले वह संजू सैमसन को देखने के लिए टीम के मुकाबले देखते थे, लेकिन अब वैभव सूर्यवंशी के टीम से जुड़ने के बाद उनकी नजर इस युवा बल्लेबाज के प्रदर्शन पर भी रहेगी। थरूर ने बताया कि शुरुआती मैचों में ही शतक लगाकर वैभव ने अपनी बल्लेबाजी का दम दिखा दिया था।
हालांकि, थरूर ने वैभव की प्रतिभा की तारीफ के साथ उनके करियर की निरंतरता को लेकर भी सावधानी बरतने की बात कही। उन्होंने विनोद कांबली और पृथ्वी शॉ का उदाहरण देते हुए कहा कि क्रिकेट में कई ऐसे खिलाड़ी हुए हैं, जिनमें असाधारण प्रतिभा थी, लेकिन वे अपनी पूरी क्षमता के अनुरूप लंबा और सफल करियर नहीं बना सके।
थरूर का मानना है कि किसी खिलाड़ी की शुरुआती सफलता जितनी महत्वपूर्ण होती है, उतना ही जरूरी अपने खेल, फिटनेस और अनुशासन को लंबे समय तक बनाए रखना भी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वैभव सूर्यवंशी इन उदाहरणों से अलग राह चुनेंगे और अपनी प्रतिभा को लगातार निखारते हुए भारतीय क्रिकेट में बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे। थरूर चाहते हैं कि वैभव स्वस्थ और फिट रहें तथा सचिन तेंदुलकर की तरह लंबे समय तक देश का नाम रोशन करें।
